जर्मन सरकार के होश उड़े, राजनेताओं के डेटा आन लाइन जारी
जर्मन सरकार ने फ़ाश किया है कि जांसलर एंगेला मर्केल सहित कई राजनेताओं और महत्वपूर्ण हस्तियों के चुराए गये डेटा को आन लाइन जारी कर दिया गया।
एएफ़पी के अनुसार राजनेताओं और महत्वपूर्ण हस्तियों की जिन जानकारियों को चुराया गया उसमें घर का पता, मोबाइल फ़ोन नंबर, पत्र, पहचान दस्तावेज़ शामिल हैं और उन्हें ट्वीटर पर दिसम्बर में जारी कर दिया गया था किन्तु उसके बारे में अभी पता चला है।
अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि जर्मन अधिकारियों के डेटा को हैकर्ज़ ने चुराया या फिर किसी कार्यालय के व्यक्ति ने ही इन जानकारियों को फ़ाश किया।
जर्मन सरकार की प्रवक्ता मार्टीना फ़िट्ज़ ने पत्रकारों से बात करते हुए एंगेला मर्केल का भी डेटा चुराए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि सैकड़ों राजनेताओं और जनता में लोकप्रिय व्यक्तियों की व्यक्तिगत जानकारियां और दस्तावेज़ को इन्टरनेट पर जारी कर दिया गया और सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है।
प्रभावित लोगों में निचले सदन के साथ साथ यूरोपीय संघ के सदस्यों जबकि रिजनल और स्थानीय एसेंबलियों के सांसद भी शामिल हैं। केवल यही नहीं बल्कि निचले सदन में मौजूद समस्त राजनैतिक पार्टियों के सांसदों सहित जर्मन राष्ट्राध्यक्ष फ़्रैंक वाल्टर स्टेन मायर की जानकारी भी चोरी कर ली गयी।
जर्मन सरकार की प्रवक्ता ने दावा किया कि आरंभिक सूचना से पता चलता है कि एंगेला मर्केल से चुराए गये दस्तावेज़ में से किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी चोरी नहीं की जा सकी।
राजनेताओं ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है और जर्मनी के क़ानूनमंत्री ने कहा है कि इन समस्त घटनाओं के पीछे मौजूद व्यक्ति लोकतंत्र और उसकी संस्थाओं पर हमारे ठोस विश्वास को नुक़सान पहुंचाना चाहता है। (AK)