अमरीका देश में विद्रोह कराना चाहता हैः वेनेज़ुएला
अमरीका, वेनेज़ुएला में अपनी पिट्ठु सरकार बनाने के लिए राष्ट्रपति निकोलस मादूरू की सरकार के विरुद्ध विद्रोह का षड्यंत्र कर रहा है।
कराकास में वेनेज़ुएला के विदेशमंत्रालय की ओर से जारी बयान में देश में विद्रोह के अमरीकी प्रयासों की निंदा करते हुए कहा गया है कि वाशिंग्टन के एजेन्ट लोकतंत्र पर हमला करने का प्रयास कर रहे हैं।
बयान के अनुसार एेसे समय में राष्ट्रपति निकोलस मादूरू देश के भीतर वार्ता के एजेन्डे पर काम कर रहे हैं कि अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोल्टन वेनेज़ुएला में विद्रोह के षड्यंत्र को आगे बढ़ाने के विफल प्रयास में व्यस्त हैं।
वेनेज़ुएला के विदेशमंत्रालय के जारी बयान में काराकास के विरुद्ध अमरीका की ओर से लगाए गये प्रतिबंधों को अत्याचारपूर्ण और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा ख़तरा क़रार दिया गया है।
ज्ञात रहे कि वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरू ने कुछ दिन पहले ही अपने दूसरे दौरे की शपथ उठाई है। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने वेनेज़ुएला के आंतरिक मामलों में अमरीका के हस्तक्षेप की खुलकर निंदा की थी। (AK)