अमरीका का एक और भड़काऊ क़दम, विपक्ष के हवाले की संपत्ति
https://parstoday.ir/hi/news/world-i72258-अमरीका_का_एक_और_भड़काऊ_क़दम_विपक्ष_के_हवाले_की_संपत्ति
अमरीकी विदेशमंत्रालय ने एक बार फिर वेनेज़ुएला के अंतरिम राष्ट्रपति और विपक्षी नेता का समर्थन करते हुए कहा है कि वेनेज़ुएला की कुछ विशेष संपत्तियों को उनके हवाले कर दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २९, २०१९ २०:१५ Asia/Kolkata
  • अमरीका का एक और भड़काऊ क़दम, विपक्ष के हवाले की संपत्ति

अमरीकी विदेशमंत्रालय ने एक बार फिर वेनेज़ुएला के अंतरिम राष्ट्रपति और विपक्षी नेता का समर्थन करते हुए कहा है कि वेनेज़ुएला की कुछ विशेष संपत्तियों को उनके हवाले कर दिया गया है।

रोइटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता राबर्ट पालाडीनो ने एक बयान में कहा कि अमरीका ने उन विशेष संपत्तियों को जो फ़ेडरल वित्तमंत्रालय और देश के अन्य बैंकों में है, अपदस्थ संसद सभापति ख़्वान ग्वाइडो के हवाले कर दिया है।

अमरीकी विदेशमंत्रालय ने एक बार फिर वेनेज़ुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में अपदस्थ संसद सभापति ख़्वान ग्वाइडो को आधिकारिक रूप से स्वीकार करते हुए दावा किया कि यह कार्यवाही उनके द्वारा वेनेज़ुएला की जनता की संपत्तियों की रक्षा के लिए अंजाम दी गयी है।

इसी बीच अपदस्थ संसद सभापति ख़्वान ग्वाइडो ने मंगलवार को सीएनएन से बात करते हुए कहा था कि उन्होंने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से क्षेत्र के अन्य राष्ट्रपतियों की भांति वार्ता की। वेनेज़ुएला के अपदस्थ संसद सभापति ख़्वान ग्वाइडो ने दावा किया कि यह वार्ता वेनेज़ुएला की मानवीय स्थिति और इस देश की जनता की स्थिति पर केन्द्रित रही थी।

वेनेज़ोएला के अपदस्थ संसद सभापति ख़्वान ग्वाइडो ने गत बुधवार को ख़ुद को देश का राष्ट्रपति घोषित कर दिया और अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने तत्काल एक बयान जारी करके ग्वाइडो को वेनेज़ोएला के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यती भी दे दी। अमरीका ने कहा है कि वह वेनेज़ोएला में लोकतंत्र की स्थापना करने के लिए हर प्रकार के आर्थिक और कूटनैतिक साधन प्रयोग करेगा।

वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति को रूस, चीन, ईरान, तुर्की, क्यूबा, बोलीविया और मैक्सिको का समर्थन मिला है। रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति से फ़ोन पर बात की और उन्होंने अपने समर्थन का यक़ीन दिलाया। चीन ने अमरीका से कहा कि वह ख़ुद को वेनेज़ोएला के संकट से दूर रखे इस देश में हस्तक्षेप की कोशिश न करे।

वेनेज़ोएला के हालात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अमरीका, कैनेडा और फ़्रांस सहित अनेक पश्चिमी देश जो लोकतंत्र का ढकोसला करते नहीं थकते किसी भी देश में अपने स्वार्थों के लिए लोकतंत्र की हत्या करने में एक क्षण के लिए भी नहीं हिचकचाते। (AK)