ब्रिटेन के शत्रुतापूर्ण फ़ैसले पर हिज़्बुल्लाह की प्रतिक्रिया
लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन ने उसका मान आतंकियों की सूची में शामिल करने के ब्रिटेन के शत्रुतापूर्ण फ़ैसले को लेबनान की जनता की भावनाओं व संकल्प का अपमान बताया है।
ब्रिटेन के गृहमंत्री साजिद जावेद ने सोमवार को यह दावा करते हुए कि लेबनान का हिज़्बुल्लाह संगठन, ब्रिटेन की सुरक्षा के लिए ख़तरा है, उसका नाम आतंकी गुटों की सूची में शामिल किए जाने की सूचना दी थी। हिज़्बुल्लाह ने एक बयान जारी करके ब्रिटेन के इस क़दम को अमरीकी आदेशों का पालन बताया है और कहा है कि इससे पता चलता है कि ब्रिटेन की सरकार अमरीका के अधिकारियों को ख़ुश करने के लिए क्षेत्र के लोगों के दुश्मनी कर रही है। संगठन ने कहा है कि तकफ़ीरी आतंकवाद और इस्राईल के विस्तारवाद से संघर्ष के संबंध में उसकी नीति में कोई परिवर्तन नहीं आएगा। बयान में कहा गया है कि जो देश आतंकवाद का समर्थन करता है उसे हिज़्बुल्लाह या किसी भी अन्य संगठन पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाने का अधिकार नहीं है।
इस बीच ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता ने भी कहा है कि लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन के राजनैतिक बहिष्कार के सरकार के फ़ैसले से लंदन की विदेश नीति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जर्मी कोरबिन ने इस बात पर बल देते हुए कि हिज़्बुल्लाह का नाम आतंकी गुटों की सूची में शामिल करने के संबंध में सरकार के तर्क ठोस नहीं हैं, कहा है कि इस फ़ैसले से भविष्य में लंदन व बैरूत के संबंध जटिल हो जाएंगे। उन्होंने लेबर पार्टी के सांसदों से कहा है कि वे इस संबंध में स्वतंत्रता के साथ अपनी राय रखें। कोरबिन ने कहा है कि इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि हिज़्बुल्लाह संगठन क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता को तबाह करने की कोशिश कर रहा है। (HN)