पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने भारत की ओर बढ़ाया दोस्ती का हाथ
https://parstoday.ir/hi/news/world-i73859-पाकिस्तानी_राष्ट्रपति_ने_भारत_की_ओर_बढ़ाया_दोस्ती_का_हाथ
पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने भारत-पाक के बीच जारी तनाव को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar २४, २०१९ १६:०७ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने भारत की ओर बढ़ाया दोस्ती का हाथ

पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने भारत-पाक के बीच जारी तनाव को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया है।

समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तानी राष्ट्रपति आरिफ़ अलवी ने पाकिस्तान की सशस्त्र सेनाओं की संयुक्त परेड के माध्यम से भारत को अपनी सैन्य शक्ति दिखाते हुए, घोषणा की कि इस्लामाबाद, दिल्ली के साथ अच्छे संबंध चाहता है। उन्होंने दोनों देशों बीच सभी तरह के तनाव समाप्त होकर हमेशा के लिए शांति स्थापित हो जाने की इच्छा व्यक्त की। पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने कहा कि इस्लामाबाद, युद्ध पर विश्वास नहीं रखता है इसीलिए चाहता है कि दोनों देशों के बीच सभी तरह के विवादों को वार्ता के माध्यम से हल कर लिया जाए।

उल्लेखनीय है कि शनिवार 23 मार्च को पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर इस देश की सशस्त्र सेनाओं की इस्लामाबाद में संयुक्त परेड आयोजित हुई थी। याद रहे कि भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर सहित कई मामलों में काफ़ी गहरे मतभेद पाए जाते हैं और यह दोनों देश एक दूसरे पर आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप भी लगाते रहते हैं। कश्मीर का एक भाग भारत में है तो दूसरा भाग पाकिस्तान में है और दोनों देश कश्मीर के दोनों भाग के स्वामित्व होने का दावा करते हैं। कश्मीर ही वह मुख्य कारण है जिसकी वजह से दोनों देशों के बीच सबसे अधिक विवाद है।

उल्लेखनीय है कि 14 फ़रवरी 2019 भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा इलाक़े में इस देश के सुरक्षाबलों के एक कारवां पर जैशे मोहम्मद नामक आतंकवादी गुट ने हमला करके 44 जवानों को मौत के घाट उतार दिया था। इस हमले के बाद ही भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था। भारतीय मीडिया ने इस हवाई हमले के बाद दावा किया था कि इस हमले में 300 लोग मारे गए हैं जबकि इस्लामाबाद ने इन दावों को ख़ारिज कर दिया था। (RZ)