तुर्क राष्ट्रपति की मांग, रद्द किया जाए इस्तांबूल का चुनाव
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह इस्तांबूल में हुए निकाय चुनावों को रद्द करे क्योंकि पोलिंग बूथ की निगरानी करने वाले अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर भारी विरोध हो रहा है।
इस्तांबूल के नगरपालिका चुनाव में देश की सत्ताधारी जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी को आरंभिक नतीजों में पराजय हुई है जबकि पीपल्ज़ रिपब्लिकन पार्टी को थोड़े से अंतर के साथ विजय मिली है। यदि जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी को पराजय हो जाती है तो लगभग 25 साल से इस्तांबूल शहर पर जारी जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी का शासन समाप्त हो जाएगा।
मास्को यात्रा से लौटते हुए विमान पर पत्रकारों से बातचीत में अर्दोग़ान ने कहा कि पोलिंग बूध के अधिकारियों की नियुक्त निर्धारित प्रक्रिया से हटकर की गई थी इसलिए इसका विरोध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि ईमानदारी के साथ इन बातों को देखा जाए तो यही नतीजा निकलता है कि चुनाव को रद्द कर दिया जाना चाहिए।
अर्दोगान की जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी इस्तांबूल में फिर से चुनाव करवाने की मांग करेगी।
इस्तांबूल में गत 31 मार्च को चुनाव हुए थे। चुनाव रद्द करने का कोई भी फ़ैसला चुनाव संस्था की ओर से किया जाएगा।