क्वेटा, आतंकी धमाके के विरोध में ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में शुक्रवार को हुए भीषण आतंकी धमाके के ख़िलाफ़ शनिवार को हज़ारों लोगों का विरोध-प्रदर्शन किया।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के शिया बहुल क्षेत्र हज़ारा में शुक्रवार को हुए आत्मघाती धमाके के ख़िलाफ़ इस इलाक़े के हज़ारों शिया मुसलमानों का कई घंटों से ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन जारी है। क्वेटा के पश्चिमी बाईपास पर एकत्रित हज़ारों प्रदर्शनकारियों के कारण इस मुख्य बाईपास पर कई किलोमीटर तक ट्रैफ़िक जाम है। शुक्रवार को हुए आत्मघाती धमाके के विरोध में प्रदर्शन करने वालों का कहना है कि आए दिन हज़ारा समुदाय को आतंकवादी निशाना बना रहे हैं लेकिन उसके बावजूद पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां लापरवाही बरत रही हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सबसे पहले हज़ारा समुदाय की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया जाए नहीं तो यह विरोध-प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।
क्वेटा के पश्चिमी बाईपास इलाक़े में लगातार हो रही बारिश के कारण इस समय काफ़ी ठंड है लेकिन इसके बावजूद महिलाओं सहित हज़ारों की संख्या में हज़ारा समुदाय के लोग बाईपास पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि हज़ारा गंजी इलाक़े में हुए आत्मघाती हमले में संलिप्त लोगों को जल्द से जल्द गिरफ़्तार करके उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के हज़ारा गंजी इलाक़े में स्थित एक मुख्य बाज़ार में शुक्रवार को एक आत्मघाती आतंकी धमाके में 21 लोग हताहत और 50 अन्य घायल हो गए थे। समाचारों के मुताबिक़ कई घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में शिया हज़ारा समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं और तकफ़ीरी आतंकवादी आए दिन शिया मुसलमानों को अपने आतंकी हमलों से निशाना बनते रहते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आए दिन ईरान-इराक़ की ज़ियारतों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की बसों पर भी हमले होते रहते हैं। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विभिन्न चरमपंथी आतंकवादी गुट सक्रिय हैं जिनमें जमाअतुल अहरार, सिपाहे सहाबा और लश्करे झंगवी जैसे आतंकी गुटों के नाम लिए जा सकते हैं। (RZ)