कोरिया प्रायःद्वीप की स्थिति बहुत ही जटिलः उत्तरी कोरिया
उत्तरी कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अमरीका के क्रियाकलापों की कड़ी आलोचना करते हुए कोरिया प्रायःद्वीप की वर्तमान स्थिति को बहुत ही जटिल बताया है।
कूंगजूंग गान ने बताया है कि अमरीका की ग़ैर ज़िम्मेदाराना नीतियों ने कोरिया प्रायःद्वीप की स्थिति को बहुत ही जटिल बना दिया है। उन्होंने कहा कि कोरिया प्रायःद्वीप के बारे में अमरीका की ग़लत नीतियां ही प्यूंगयांग के परमाणु कार्यक्रम के आगे बढ़ने का कारण बन रही हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तरी कोरिया ने कल एक नए सामरिक निर्देशित हथियार का परीक्षण किया है। 28 फ़रवरी 2019 को उत्तरी कोरिया के नेता के साथ अमरीकी राष्ट्रपति की विफल शिखर वार्ता के बाद उत्तरी कोरिया की ओर से यह पहला मिसाइल परीक्षण है। विशेष बात यह है कि अमरीका और उत्तरी कोरिया के बीच शिखर सम्मलेन के विफल रहने के बाद, किम जोंग-उन ने उत्तर कोरिया की रक्षा शक्ति को अधिक से अधिक शक्तिशाली बनाने का संकल्प लिया था।
इसी बीच उत्तरी कोरिया के संचार माध्यमों के अनुसार पियुंगयांग अब नहीं चाहता कि परमाणु वार्ता में माइक पोम्पियो भाग लें।