किम जोंग ऊन ने की पुतीन से सफल वार्ता की कामना
उत्तर कोरिया के नेता ने आशा व्यक्त की है कि रूसी राष्ट्रपति के साथ उनकी वार्ता सफल रहेगी।
उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग ऊन रूस के राष्ट्रपति से भेंटवार्ता करने जा रहे हैं। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग ऊन रूस की यात्रा पर हैं जहां पर वे रूसी राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन से गुरूवार को भेंटवार्ता करेंगे। उत्तरी कोरिया और रूस के राष्ट्राध्यक्ष रूस के पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में मुलाक़ात करेंगे। उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग ऊन अपनी निजी ट्रेन से रूस पहुंचे हैं। उनके साथ एक उच्चस्तरीय शिष्टमण्डल भी रूस की यात्रा पर गया है। रूस के राष्ट्रपति से उत्तरी कोरिया के नेता का यह पहली मुलाक़ात होगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी कोरिया के नेता की बख्तरबंद ट्रेन बुधवार की सुबह रूस के व्लादिवोस्तोक सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची जहां रूसी अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। किम जोंग ऊन ने रूसी चैनल रशिया-24 से बात करते हुए कहा कि मैं अपने लोगों के गर्मजोशी भरे एहसास के साथ रूस आया हूं। उन्होंने कहा, जैसा कि मैंने पहले कहा था कि उम्मीद करता हूं कि यह मुलाकात सफल और उपयोगी सिद्ध होगी।
ज्ञात रहे कि वाशिग्टन के अधिकारियों को जब रूसी राष्ट्रपति और उत्तरी कोरिया के नेता की वार्ता के कन्फ़र्म होने का विश्वास हो गया तो अमरीका की ओर से ट्रम्प के सलाहकार को रूस भेजा गया है।