पोम्पिओ की प्रतिक्रिया पर भड़का चीन
चीन ने टियानमेन चौक नरसंहार की घटना के संबन्ध में अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ के बयान की कड़ी आलोचना की है।
चीन ने अमरीकी विदेशमंत्री के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका, उसकी प्रणाली पर हमला कर रहा है। उनका कहना है कि वह चीन की नीतियों को बदनाम कर रहा है। पीटीआई के अनुसार वॉशिंगटन में चीनी दूतावास के एक प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि जो भी चीनी लोगों को परेशान करने की कोशिश करेगा वह राख हो जाएगा। चीनी प्रवक्ता ने कहा कि पोम्पिओ ने मानवाधिकारों की आड़ में जो बयान दिया है वह चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है। उन्होंने कहा कि अमरीकी विदेशमंत्री का यह बयान उसकी प्रणाली पर हमला है और यह उसकी घरेलू एवं विदेशी नीतियों को बदनाम करता है। उन्होंने आगे कहा कि यह चीनी लोगों का अपमान है और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को चलाने वाले मूलभूत नियमों तथा अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का गंभीर उल्लंघन है। अमरीकी विदेशमंत्री पोम्पिओ ने टियानमेन चौक नरसंहार के तीस वर्ष पूरे होने के अवसर पर कहा था कि हम चीन की सरकार से अपील करते हैं कि वह इस घटना में मारे गए या लापता लोगों के संबंध में पूरी सार्वजनिक जवाबदेही दे ताकि इतिहास के उस काले अध्याय के पीड़ितों को ढाढ़स बंध सके। पोम्पियो ने कहा कि इस प्रकार का कदम मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रता के प्रति सम्मान की कम्युनिस्ट पार्टी की इच्छा को दर्शाएगा।
ज्ञात रहे कि 4 जून सन 1989 में बीजिंग के टियानमेन चौक पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चीन के विरोध और लोकतंत्र के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की कार्रवाई में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मारे गए थे।