जेर्मी कोर्बिन ने ब्रिटेन की प्रधानमंत्री की आलोचना क्यों की है?
https://parstoday.ir/hi/news/world-i76730-जेर्मी_कोर्बिन_ने_ब्रिटेन_की_प्रधानमंत्री_की_आलोचना_क्यों_की_है
ब्रिटेन 4 अरब पाउंड से अधिक के हथियार सऊदी अरब को बेच चुका है
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul ०१, २०१९ १६:२० Asia/Kolkata

ब्रिटेन 4 अरब पाउंड से अधिक के हथियार सऊदी अरब को बेच चुका है

ब्रिटेन की सरकार सऊदी अरब को हथियार बेचकर और सऊदी गठबंधन की लाजिस्टिक सहायता करके यमन के खिलाफ युद्ध में शामिल है जिस पर ब्रिटेन में भी आपत्ति जताई जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता जेर्मी कोर्बिन ने इस देश की प्रधानमंत्री टेरेज़ा मे की कड़ी आलोचना की है।

जापान में G-20 देशों की शिखर बैठक के अवसर पर टेरेज़ा मे और सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने एक दूसरे से मुलाकात की थी। टेरेज़ा मे ने दावा किया है कि 20 मिनट की मुलाकात में उन्होंने मोहम्मद बिन सलमान का आह्वान किया है कि यमन युद्ध का समाधान खोजने के लिए वह राष्ट्रसंघ से सहयोग करें।

इसी प्रकार टेरेज़ा मे ने कहा कि उन्होंने मोहम्मद बिन सलमान का आह्वान किया है कि सऊदी पत्रकार जमाल खाशुकजी की हत्या के संबंध में पारदर्शी जांच आरंभ की जाये परंतु जेर्मी कोर्बिन ने बल देकर कहा है कि टेरेज़ा मे ने लंदन के संदेशों को पहुंचाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि टेरेज़ा मे इस बात की पुष्टि करें कि लंदन सरकार तुरंत सऊदी अरब को हथियारों की बिक्री बंद करेगी और वह सऊदी पत्रकार जमाल खाशुकजी की हत्या के लिए बिन सलमान को ज़िम्मेदार समझती है।

ज्ञात रहे कि ब्रिटेन 4 अरब पाउंड से अधिक के हथियार सऊदी अरब को बेच चुका है। कोर्बिन ने कहा कि ब्रिटेन की उच्च अदालत ने पाया है कि सऊदी गठबंधन ने यमन में मानवाधिकारों का जो हनन किया है उसे रोकने के बारे में लंदन सरकार ने कुछ नहीं किया है।

ब्रिटेन की उच्च अदालत ने 20 जून को लंदन सरकार के खिलाफ एक फैसला सुनाया था जिसके अनुसार इस देश की सरकार ने हथियारों की बिक्री में कानून का उल्लंघन किया है और जल्द से जल्द इस मामले पर कार्यवाही की जानी चाहिये।

बहरहाल यमन के खिलाफ सऊदी अरब ने जो युद्ध आरंभ कर रखा है वह पांचवें वर्ष में दाखिल हो चुका है और जब तक मानवाधिकारों की रक्षा का दम भरने वाले देशों, संस्थाओं और संगठनों का सऊदी अरब को समर्थन प्राप्त रहेगा तब तक इस युद्ध के समाप्त होने की अपेक्षा नहीं है। MM