मादुरो की ओर से विपक्ष को बातचीत का न्योता
वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने एक बार फिर विपक्षी नेता ख़्वान ग्वाइडो को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है, ताकि इस देश में जारी राजनैतिक गतिरोध ख़त्म हो सके।
राजधानी काराकास में सैन्य परेड के दौरान उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए मादुरो ने एक बार फिर अपनी सरकार और ग्वाइडो के बीच नॉर्वे की मध्यस्थता में बातचीत प्रक्रिया होने का समर्थन किया है। ग्वाइडो वेनेज़ोएला में विपक्ष नियंत्रित राष्ट्रीय असेंब्ली के नेता हैं।
मादुरो ने अपने संबोधन में कहाः "वेनेज़ोएला में हम सब के लिए जगह है। हम सबको सहमति तक पहुंचने के लिए कुछ न कुछ छोड़ना पड़ेगा।"
ग़ौरतलब है कि मादुरो और ग्वाइडो ने अपने अपने प्रतिनिधि नॉर्वे भेजे हैं, जिसने दोनों के बीच मई में मध्यस्थता शुरु की, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत का कोई सार्थक नतीजा नहीं निकल सका। (MAQ/N)