तालेबान ने किया राष्ट्रपति चुनावों का बहिष्कार
तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रपति चुनावों के बहिष्कार की घोषणा की है।
क़तर में तालेबान के वरिष्ठ वार्ताकार शीर मुहम्मद अब्बास ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में विदेशी सैनिकों की उपस्थिति के साथ इस देश में राष्ट्रपति चुनाव, तालेबान के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि तालेबान इस प्रकार के चुनाव को स्वीकार नहीं करते। शीर मुहम्मद ने अमरीका और तालेबान के बीच क़तर में वार्ता की ओर संकेत करते हुए कहा कि यह तै पाया है कि यूरोपीय और एशियन देश, अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी के आरंभ के साथ ही तालेबान, अमरीका के साथ संभावित समझौते को चरणबद्ध ढंग से लागू करेगा।
उल्लेखनीय है कि अमरीका और तालेबान के बीच क़तर में वार्ता के सात चरण संपन्न हो चुके हैं किंतु इनका अभी तक कोई परिणाम नहीं निकला है। अफ़ग़ानिस्तान में आगामी राष्ट्रपति चुनाव 28 सितंबर 2019 को आयोजित होंगे।