अमेरिका को कैंसर हो गया हैः इलहान उमर
अमरीकी प्रतिनिधि सभा की मुस्लिम सांसद इलहान उमर ने कहा है कि अमेरिकी की ताज़ा स्थिति किसी कैंसर से कम नहीं है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, अलजज़ीरा टीवी चैनल टीवी को इंटर्वयू देते हुए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की मुस्लिम सांसद इलहान उमर का कहना था कि देश में आंतरिक मतभेद आरंभ से ही रहे हैं लेकिन आज हम इस कैंसर को अधिक ख़तरनाक रूप धारण करते देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अमेरिका के इतिहास का सबसे ज़्यादा फूट डालने वाला राष्ट्रपति, देश पर शासन कर रहा है। इलहान उमर ने कहा कि यही कारण है कि मैं और मेरे अलावा बहुत से दूसरे लोग भी इस तानाशाही सरकार के ख़िलाफ़ उठ खड़े हुए हैं।
अमेरिका की मुस्लिम सांसद ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि, अमेरिकी सरकार द्वारा रियाज़ और दुबई का समर्थन किया जाना एक मूर्खतापूर्ण क़दम है। उन्होंने कहा कि मैं दुनिया में शांति की समर्थक हूं और किसी ऐसे देश के समर्थन की विरोधी हूं जो शांति स्थापित करने के बजाए युद्ध करने को अधिक महत्व देते हैं। इलहान उमर ने कहा कि मैं समझती हूं कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात के साथ हमारी कोई समानता नहीं है और हमे उन पर विश्वास भी नहीं करना चाहिए।
ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कुछ समय पहले एक एडिटेड वीडियो पोस्ट करके इलहान उमर पर नाइन इलेवन की घटना में मरने वालों की और से निश्चेत होने का आरोप लगाया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही इस मुस्लिम महिला सांसद के ख़िलाफ़ शाब्दिक हमलों और धमकियों का क्रम तेज़ हो गया है। अमरीका की एक अन्य मुस्लिम महिला सांसद रशीदा तालिब की भी, इस्राईल पर कड़ी टिप्पणियां करने के कारण आलोचना की जा रही है। (RZ)