अमरीका के सैनिक पहुंच रहे हैं अफ़ग़ानिस्तान
अमरीकी सेना की ओर से ऐलान किया गया है कि अफ़ग़ानिस्तान के लिए नए सैनिक भेजे जाएंगे।
अमरीकी पत्रिका Military Times के अनुसार अमरीकी सेना की थर्ड ब्रिगेड के कुछ सैनिक शीघ्र ही अफ़ग़ानिस्तान भेजे जाएंगे जो इस समय टेक्सास में मौजूद हैं। अमरीका की ओर से अपने सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान भेजने का मामला इस स्थिति में आरंभ हुआ है कि जब क़तर की राजधानी दोहा में अमरीका तथा तालेबान गुट के बीच तथाकथित शांति वार्ता का क्रम जारी है। यह वार्ता, अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी के मुद्दे पर हो रही है।
अमरीका ने सन 2001 में आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष के बहाने अफ़ग़ानिस्तान पर आक्रमण किया था। उस समय से अमरीकी सैनिक इस देश में मौजूद हैं। विशेष बात यह है कि अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति के दौरान इस देश में आतंकवाद का विस्तार हुआ और मादक पदार्थों के उत्पादन में भी कई गुना वृद्धि हुई है।