उत्तर कोरिया ने फिर किया मिसाइल का परीक्षण
https://parstoday.ir/hi/news/world-i78577-उत्तर_कोरिया_ने_फिर_किया_मिसाइल_का_परीक्षण
दक्षिणी कोरिया ने शनिवार को घोषणा की है कि पड़ोसी देश उत्तरी कोरिया ने दो मिसाइलों का परीक्षण किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug २४, २०१९ ०५:२९ Asia/Kolkata
  • उत्तर कोरिया ने फिर किया मिसाइल का परीक्षण

दक्षिणी कोरिया ने शनिवार को घोषणा की है कि पड़ोसी देश उत्तरी कोरिया ने दो मिसाइलों का परीक्षण किया है।

तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार दक्षिणी कोरिया की सेना की ओर से बताया गया है कि उत्तरी कोरिया ने अपने पूर्वी तट से जापान सागर की ओर दो मिसाइलों का परीक्षण किया।  पिछले तीन सप्ताहों के दौरान उत्तरी कोरिया की ओर से किया गया यह सातवां मिसाइल परीक्षण है।

उत्तरी कोरिया के नेता ने इस नए मिसाइल परीक्षण को दक्षिणी कोरिया के लिए चेतावनी बताया है।  उन्होंने दक्षिणी कोरिया द्वारा अमरीका से लगातार हथियार ख़रीदने और अमरीका के साथ दक्षिणी कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास के प्रति सचेत करते हुए कहा कि यह परीक्षण, दक्षिणी कोरिया के लिए खुली चेतावनी है।

ज्ञात रहे कि अमरीका के साथ परमाणु निशस्त्रीकरण की वार्ता से कुछ महीने पहले से उत्तरी कोरिया ने अपने मिसाइल परीक्षण रोक दिये थे किंतु वार्ता की विफलता के बाद उसने फिर से यह काम शुरू कर दिया है।  उत्तरी कोरिया ने परमाणु निशस्त्रीकरण के मुद्दे पर होने वाली वार्ता की विफलता का ज़िम्मेदार अमरीका को ठहराया है।  उसका कहना है कि अमरीका की ओर से अपने वचनों के प्रति कटिबद्ध न होने के कारण ही यह वार्ता विफल हुई है।उल्लेखनीय है कि उत्तरी कोरिया की चेतावनी के बावजूद दक्षिणी कोरिया ने 5 अगस्त 2019 से अमरीका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास आरंभ किया है जो 25 दिनों तक चलेगा।