अमरीका के सामने हम झुकने वाले नहींः किम जुंग ऊन
उत्तरी कोरिया के नेता किम जुंग ऊन ने कहा है कि उनका देश कभी भी अमरीका के सामने नतमस्तक नहीं होगा।
किम जुंग ऊन ने अमरीकी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि उत्तरी कोरिया के विरुद्ध किसी भी प्रकार की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही करने से पहले अमरीका को ख़ूब सोच-समझ लेना चाहिए। बुधवार को उत्तरी कोरिया के नेता ने यह बात उस समय कही जब वे कोरिया प्रायःद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट पाइकेतो जा रहे थे। इसको उत्तरी कोरिया के लोग पवित्र मानते हैं। किम जुंग ऊन जब भी कोई महत्वपूर्ण फैसला लेते हैं तो वे माउंट पाइकेतो जाते हैं।
इससे पहले उत्तरी कोरिया के विदेशमंत्री रियूंग हू भी कह चुके हैं कि पियुंगयांग के विरुद्ध यदि अमरीकी प्रतिबंध हटाए नहीं जाते तो फिर उनका देश हथियारों के नए परीक्षण कर सकता है। उनका कहना था कि हम मिसाइल को अधिक अपग्रेड करने की भी गतिविधिंया आरंभ कर सकते हैं। ज्ञात रहे कि अभी हाल में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा था कि जबतक वार्ता में कोई प्रगति नहीं होती उस समय तक उत्तरी कोरिया के विरुद्ध प्रतिबंध जारी रहेंगे।