बोलीविया संकट में हस्तक्षेप के गंभीर परिणाम होंगेः रूस
रूस ने बोलीविया संकट में विदेशी हस्तक्षेप के प्रति सचेत किया है।
रूस के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी देते हुए कहा है कि बोलीविया संकट में विदेशी हस्तक्षेप के गंभीर परिणाम सामने आएंगे। रूस के विदेश उपमंत्री सरगेई रियाबकोफ ने बुधवार को विदेशी शक्तियों से मांग की है कि वे बोलीविया के वर्तमान संकट का दुरूपयोग करने से बचें। रियाबकोफ ने कहा कि माॅस्को नहीं चाहता कि बोलिविया में जो घटनाक्रम तेज़ी से बदल रहा है उसके बाद वहां पर अशांति उत्पन्न हो। अमरीका के अधिकारी बोलीविया में जारी अशांति का समर्थन कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि 20 अक्तूबर को बोलिविया में चुनाव हुए थे जिसमें इवो मोरालेस को विजय हासिल हुई किंतु देश की सेना के दबाव के कारण इवो मोरालेस ने 10 नवंबर को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। मैक्सिको ने बोलीविया के पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस को शरण दी है।उल्लेखनीय है कि बोलीविया के पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस 13 वर्षो से अधिक समय तक राष्ट्रपति के पद पर आसीन रहे। सन 2006 में मोरालेस पहली बार राष्ट्रपति चुने गए थे। दक्षिण अमरीका के एक ग़रीब देश बोलिविया में उन्होंने बहुत से विकास के काम किये। उन्होंने इस देश में मंहगाई को नियंत्रित करने, सड़को को पक्का कराने जैसे कामों के साथ ही बोलीविया का पहला उपग्रह अंतरिक्ष में भेजने जैसा महत्वपूर्ण काम भी किया।