सैन्य मामलों में ट्रम्प का हस्तक्षेप भयावह हैः अमरीकी जनरल
अमरीकी नौसेना के प्रमुख को उनके पद से हटाए जाने के बाद अमरीका के सैन्य विशेषज्ञों ने सेना के मामलों में ट्रम्प के हस्तक्षेप और युद्ध अपराधियों को क्षमा किए जाने को भयावह बताया है।
अमरीकी सेना के एक कमांडर जनरल बेरी मैककार्फ़ी ने रक्षा मंत्रालय में नेवल चीफ़ रिचर्ड स्पेंसर को हटाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि युद्ध अपराधों के मामलों में राष्ट्रपति ट्रम्प का हस्तक्षेप, देश की सेना में आंतरिक क़ानून व्यवस्था और अनुशासन के लिए बहुत विध्वंसक है। उन्होंने एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर को पदमुक्त करने के ट्रम्प के अभूतपूर्व क़दम की आलोचना करते हुए कहा कि जो चीज़ भयावह है, वह यह है कि अमरीकी राष्ट्रपति उस व्यक्ति को क्षमादान दे देते हैं जिसके ख़िलाफ़ मुक़द्दमे की कार्यवाही अभी शुरू ही नहीं हुई है और वे सार्वजनिक रूप से हिरासत में लिए गए लोगों को यातनाएं दिए जाने को सही क़रार देते हैं।
ज्ञात रहे कि ट्रम्प द्वारा ट्वीट करके दिए गए आदेश का पालन न करने के कारण रिचर्ड स्पेंसर को उनके पद से हटा दिया गया है। ट्रम्प ने ट्वीट करके आदेश दिया था कि असैनिकों पर फ़ायरिंग करने, दाइश के एक क़ैदी की चाक़ू मार कर हत्या करने और अपने साथियों को जान से मारने की धमकी देने जैसे युद्ध अपराधों के दोषी अमरीकी सैनिक एडवर्ड गेलेगर को क्षमादान दिया जाए लेकिन स्पेंसर ने इसे मानने से इन्कार कर दिया था। अमरीकी नौसेना ने गेलेगर पर मुक़द्दमा चलाया था और दाइश के क़ैदी के शव के साथ तस्वीर खिंचवाने के कारण उसकी पदावनति कर दी थी लेकिन ट्रम्प ने शुक्रवार को इस पदावनति को ख़ारिज कर दिया जिससे नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों में काफ़ी रोष है। (HN)