21 जनवरी को हो सकती है ट्रम्प पर महाभियोग की सुनवाई
अमेरिकी सीनेट में 21 जनवरी को ट्रंप के विरुद्ध महाभियोग की सुनवाई शुरू हो सकती है।
अमेरिकी सीनेट इस देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ महाभियोग मामले की सुनवाई 21 जनवरी 2020 से शुरू कर सकता है। यह जानकारी, सीनेट में बहुमत दल के नेता मिच मैककॉनेल ने दी है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पैलोसी ने 15 जनवरी को मतदान करने और महाभियोग की सुनवाई के प्रस्ताव को सीनेट के पास भेजने की जो बात कही थी उसके बाद मैककोनेल का यह बयान आया है। अमेरिका की 435 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट पार्टी के पास बहुमत है।
मिच मैककॉनेल ने पत्रकारों से कहा कि सदन कल हमें महाभियोग प्रस्ताव भेज सकता है। इसके बाद सीनेट आगे के कदम उठाएगा जिससे अगले मंगलवार को वास्तविक सुनवाई शुरू की जाएगी। इससे पहले चीफ जस्टिस इस सप्ताह ज्यूरी के सदस्यों के तौर पर सीनेटरों को शपथ दिलाएंगे।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर में निम्न सदन ने ट्रम्प पर यूक्रेन के नवनिर्वाचित नेता पर डेमोक्रेट नेता के खिलाफ जांच शुरू करने के लिए अपनी सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाकर महाभियोग प्रस्ताव पारित किया था। ट्रम्प ने हालांकि इन आरोपों का खंडन किया है।