ट्रम्प को कोरोना होने की आशंका डबल हुई, इवान्का आइसोलेशन में!
कोरोना वायरस की महामारी पूरी दुनिया में हाहाकर मचा चुकी है और आम नागरिकों से लेकर राष्ट्राध्यक्षों तक सभी इसकी चपेट में हैं। सूचना है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका और बढ़ गई है क्योंकि ट्रम्प से मुलाक़ात करने वाले एक अन्य व्यक्ति का भी कोरोना टेस्ट पाज़िटिव निकला है।
इस बीच अमरीकी राष्ट्रपति की बेटी और सलाहकार इवान्का ट्रम्प होम आइसोलेशन में चली गई हैं क्योंकि उन्होंने पिछले हफ़्ते आस्ट्रेलिया के गृह मंत्री पीटर डैटन से मुलाक़ात की थी और पीटर डैटन कोरोना वायरस पाज़िटिव पाए गए हैं।
वाइट हाउस के मीडिया सेल के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि इवान्का इस समय होम आइसोलेशन में हैं हालांकि वाइट हाउस के डाक्टरों ने कहा था कि उन्हें होम आइसोलेशन की ज़रूरत नहीं है।
उधर ट्रम्प से हालिया दिनों में मुलाक़ात करने वाले एक और व्यक्ति का भी कोरोना टेस्ट पाज़िटिव निकला है जिसके बाद ट्रम्प के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका दुगनी हो गई है।
बहरहाल शुक्रवार को ट्रम्प ने कहा कि वह कोरोना वायरस का टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं हालांकि उनके भीतर इस वायरस के लक्षण नहीं हैं।
इससे पहले ट्रम्प कोरोना वायरस का टेस्ट कराने के लिए तैयार नहीं थे।