अमरीका में एक ही दिन में 16000 लोग कोरोना से संक्रमित
https://parstoday.ir/hi/news/world-i85566-अमरीका_में_एक_ही_दिन_में_16000_लोग_कोरोना_से_संक्रमित
दुनिया में कोरोना वायरस के सर्वाधिक मामले अमेरिका में सामने आए हैं जहां पर एक ही दिन में 16 हजार से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar २७, २०२० १३:२९ Asia/Kolkata
  • अमरीका में एक ही दिन में 16000 लोग कोरोना से संक्रमित

दुनिया में कोरोना वायरस के सर्वाधिक मामले अमेरिका में सामने आए हैं जहां पर एक ही दिन में 16 हजार से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।

अमेरिका में गुरूवार को एक ही दिन में कोरोना वायरस के 16,000 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई।  अमरीका में कोरोना से ग्रस्त होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।  अब अमरीका में कोरोना से प्रभावितों की संख्या बढ़कर 85,088 हो गई जो किसी भी देश के लिए सबसे अधिक है।
पीटीआई के अनुसार कोरोना वायरस पर आंकड़े उपलब्ध कराने वाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर का कहना है कि अमेरिका ने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या के मामले में चीन और इटली को भी पीछे छोड़ दिया है।  इस वेबसाइट के मुताबिक अमेरिका में बृहस्पतिवार रात तक संक्रमण के कुल 85,088 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 16,877 मामले एक ही दिन में सामने आए। एक हफ्ते पहले अमरीका में संक्रमित लोगों की संख्या 8,000 थी। एक हफ्ते में ही यह संख्या खतरनाक रूप से 10 गुना बढ़ी है।  कम से कम 263 लोगों की मौत के साथ अमेरिका में इस संक्रामक रोग से गुरूवार को एक ही दिन में सबसे अधिक लोगों ने जान गंवाई। अभी तक इस बीमारी से 1,290 अमेरिकियों की मौत हो चुकी है।  अनुमान लगाया जा रहा है कि वहां पर संक्रमित मामलों के साथ ही इससे मरने वालों लोगों की संख्या आने वाले दिनों में तेज़ी से बढ़ सकती है।

व्हाइट हाउस कोरोना वायरस कार्य बल की संयोजक डॉ. देबोराह ब्रिक्स ने कहा कि सभी नए मामलों में लगभग 55 प्रतिशत न्यूयॉर्क से आ रहे हैं जिसमें न्यूजर्सी भी शामिल है।  उन्होंने कोरोना वायरस के प्रसार पर चिंता जताई।  ब्रिक्स ने कहा कि देश के 50 में से 19 राज्यों में मामले कम हुए हैं।  देबोराह ब्रिक्स का कहना था कि अबतक अमेरिका में 5,50,5000 लोगों की जांच की जा चुकी है।