फिर किया उत्तरी कोरिया ने मिसाइलों का परीक्षण
उत्तरी कोरिया ने हवा से ज़मीन पर मार करने वाले मिसाइलों का परीक्षण किया है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी कोरिया के संस्थापक के जन्म दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर मिसाइलों का परीक्षण किया गया।
दक्षिणी कोरिया की संयुक्त सेना की कमान की ओर से एलान किया गया है कि उत्तरी कोरिया ने मंगलवार को फाइटर जेट से हवा से ज़मीन पर मार करने वाले मिसाइलों का परीक्षण किया है। इन क़्रूज़ मिसाइलों को उत्तरी कोरिया के तटीय नगर मनुचोन के निकट स्थानीय समय के अनुसार सुबह सात बजे पूर्वी सागर की ओर लांच किया गया। मिसाइलों को प्रक्षेपित करने का कार्यक्रम टेलिविज़न पर प्रसारित किया गया।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी कोरिया के वर्तमान नेता किम जोंगउन के दादा एवं इस देश के राष्ट्रीय संस्थापक किम इलसुंग के 108वीं जयंती की पूर्व संध्या पर इन मिसाइलों का परीक्षण किया गया। ज्ञात रहे कि अमरीका के साथ वार्ता टूट जाने के बाद उत्तरी कोरिया कम से कम 13 बार हथियारों का परीक्षण कर चुका है।