वेनेज़ोएला सरकार का तख़्ता पलटने के आरोप में दो अमरीकी गिरफ़्तार
वेनेज़ोएला सरकार के विरुद्ध षडयंत्र को व्यवहारिक बनाने के आरोप में दो अमरीकी गिरफ़्तार किये गए हैं।
रोएटर्ज़ के अनुसार वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरो ने इस देश में दो अमरीकियों की गिरफ़्तारी की सूचना दी है। उन्होंने सोमवार को एक संवादाता सम्मेलन में बताया कि इन दो अमरीकी नागरिकों को एक अमरीकी पूर्व सैनिक के साथ मिलकर वेनेज़ोएला की सरकार के ख़िलाफ़ षडयंत्र को क्रियान्वित करने के आरोप में पकड़ा गया है।
निकोलस मादूरो ने पत्रकारों को अमरीकी नागरिकों Irene Berry और Luke Danman के पहचानपत्रों और वीज़े को दिखाते हुए कहा कि यह दोनो, एक पूर्व अमरीकी सैनिक के साथ मिलकर वेनेज़ोएला की सरकार गिराने के प्रयास कर रहे थे। Jordan Goudreau ने इस षडयंत्र की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दोनों अमरीकी मेरे साथ वेनेज़ोएला में सहयोग कर रहे थे। वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरो ने अपनी सरकार गिराने के षडयंत्र में शामिल 13 आतंकवादियों की गिरफ़्तारी की भी सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि वेनेज़ोएला की सरकार को गिराने वाले षडयंत्र को लागू कराने के प्रयास में दो दिन पहले 8 लोग मारे गए थे। यह आठों लोग स्पीडबोट्स के माध्यम से कोलंबिया के रास्ते वेनेज़ुएला में प्रविष्ट होकर कार्यवाही करना चाहते थे किंतु अपना लक्ष्य प्राप्त करने से पहले ही वे मारे गए। अमरीकी विदेश मंत्रालय ने इसपर अभी अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ज्ञात रहे कि इससे पहले कई बार वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति यह कहते आए हैं कि अमरीकी सरकार का समर्थन प्राप्त वेनेज़ोएला के कुछ लोग अमरीका के इशारों पर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराना चाहते हैं।