ट्रम्प पर ट्वीटर का वार, डिलीट कर दी वीडियो
माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्वीटर ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की वीडियो डिलीट कर दी। यह वीडियो ट्रम्प की प्रचारिक टीम की ओर से पिछले हफ़्ते पुलिस के हाथों मारे गए अश्वेत अमरीकी नागरिक जार्ज फ़्लायड को श्रद्धांजलि पेश करने के लिए शेयर की थी।
ट्रम्प के आफ़ीशियल ट्वीटर एकाउंट पर शेयर की गई 4 मिनट से कुछ कम समय की वीडियो में पुलिस के हाथों मारे गए फ़्लायड को श्रद्धांजलि पेश की गई है।
ट्वीटर के अधिकारी ने ट्रम्प की टीम की ओर से शेयर की गई वीडियो हटाने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस वीडियो को कापी राइट्स की शिकायत के बाद हटा दिया गया।
ट्वीटर की ओर से यह नहीं बताया गया है कि उन्हें वीडियो की कापी राइट्स की शिकायत कहां से मिली लेकिन वीडियो को ट्वीटर से तत्काल हटा दिया गया।

यह वीडियो प्रचारिक टीम की ओर से शेयर किए जाने के बाद ट्रम्प और उनके बेटे जूनियर डोनल्ड ट्रम्प ने इस वीडियो को रीट्वीट किया था इसी तरह दूसरे भी दर्जनों लोगों ने इसे रीट्वीट किया।
वीडियो के बैक ग्राउंड में ट्रम्प की आवाज़ सुनी जा सकती है जो फ़्लायड की मौत को खेदजनक घटना बता रहे हैं।
यह भी रोचक है कि ट्वीटर ने तो इस वीडियो को डिलीट कर दिया मगर यह वीडियो ट्रम्प के आफ़ीशियल यूट्यूब चैनल पर मौजूद है और उसे पांच जून की शाम तक 1 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
यूट्यूब ने इस वीडियो के कापी राइट्स के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।