ट्रम्प ने दे डाला चुनाव टालने का विवादस्पद सुझाव
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने नवम्बर में प्रस्तावित राष्ट्रपति चुनाव टालने का प्रस्ताव दिया है जिस पर हंगामा खड़ा हो सकता है।
अमरीका के संविधान में राष्ट्रपति चुनाव की तारीख़ निर्धारित की गई है मगर ट्रम्प ने ट्वीट किया कि पोस्ट के ज़रिए वोटिंग के कारण 2020 के चुनाव में धांधली बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि क्या चुनावों को उस समय तक टाला नहीं जा सकता जब अमरीकी जनता सुरक्षित रूप से और पूरी शांति के साथ मतदान करने की स्थिति में आ जाए।
इस मुद्दे पर जब मीडिया ने वाइट हाउस से टिप्पणी लेने के लिए संपर्क किया तो किसी ने टिप्पणी नहीं की। यह पहला मौक़ा है कि ट्रम्प ने चुनाव टालने का प्रस्ताव रखा है अलबत्ता चुनाव टालना अकेले राष्ट्रपति ट्रम्प के बस में नहीं है।
ट्रम्प इससे पहले भी पोस्ट से मतदान की विश्वसनीयता पर संदेह जताते रहे हैं जिसे देखते हुए यह अनुमान लगाया जा सकता है कि ट्रम्प राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे स्वीकार करने से इंकार कर सकते हैं।
ट्रम्प हालिया सर्वे रिपोर्टों में अपने प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन से बुरी तरह पिछड़ते जा रहे हैं और उनके चुनाव हारने की संभावना बढ़ गई है।
स्रोतः एजेंसियां
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!