अमरीका में ट्रम्प के ख़िलाफ़ साठ दिवसीय प्रदर्शन शुरू
अमरीका के "रिफ़्यूज़ फ़ाशिज़म" नामक गुट ने इस देश के राष्ट्रपति चुनाव के आयोजन में बाक़ी बचे साठ दिनों में राष्ट्रपति ट्रम्प के ख़िलाफ़ हर दिन प्रदर्शन करने का कार्यक्रम बनाया है।
ये प्रदर्शन अगले साठ दिनों तक यानी तीन नवम्बर तक अमरीका के 25 विभिन्न शहरों में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के ख़िलाफ़ आयोजित किए जाएंगे। "रिफ़्यूज़ फ़ाशिज़म" गुट के लोगों ने शनिवार को न्यूयार्क व पूरे अमरीका के अन्य 25 शहरों में सड़कों पर निकल कर अपने साठ दिवसीय प्रदर्शन का आरंभ किया। इन लोगों का कहना है कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रम्प और उप राष्ट्रपति माइक पेन्स को उनके पदों से हटवाने के लिए साठ दिन तक निरंतर प्रदर्शन करने का फ़ैसला किया है। इस गुट का कहना है कि उसे आशा है कि प्रदर्शनों में दसियों लाख लोग भाग लेंगे।
"रिफ़्यूज़ फ़ाशिज़म" नामक अमरीकी गुट का कहना है कि डोनल्ड ट्रम्प अपने आपको चुनाव में धांधली के लिए तैयार कर रहे हैं और बड़ी तेज़ी से एक फ़ाशिस्ट अमरीका तैयार करने की ओर बढ़ रहे हैं। इस बीच विस्काॅन्सीन राज्य में प्रदर्शनकारियों ने अमरीका के राष्ट्र ध्वज को आग लगा दी। ट्रम्प के विरोध के बावजूद अमरीका में नस्लवाद के ख़िलाफ़ प्रदर्शन जारी हैं। ट्रम्प ने कई बार धमकी दी है कि वे प्रदर्शनकारियों को कुचलने के लिए पूरे अमरीका में राष्ट्रीय गारद रवाना करेंगे। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए