वेनेज़ुएला ने अमरीकी विमान मार गिराया
वेनेज़ुएला की सेना ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अमरीकी विमान को मार गिराया है।
वेनेज़ुएला के गृह मंत्री नेस्टर रिवेरल का कहना है कि अमरीका में पंजीकृत यह विमान, नशीले पदार्थ ले जा रहा था, जिसे सेना ने मार गिराने का फ़ैसला लिया।
इससे पहले जुलाई में भी वेनेज़ुएला के राष्ट्रीय बोलिवेरियाई सशस्त्र बल (CEOFANB) ने एक ऐसा ही बयान जारी किया था।
रिवेरल ने ट्वीट करके बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अमरीकी विमान को मार गिराया गया है, जो ज़ूलिया राज्य के हवाई क्षेत्र में अवैध रूप से घुस गया था। उन्होंने आगे कहाः एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (#Codai) के रडार पर आने के बाद, अवैध रूप से देश की सीमा में घुसने वाले विमान को निशाना बनाया गया।
वास्तव में वेनेज़ुएला के गृह मंत्री उस क़ानून का ज़िक्र कर रहे थे, जिसमें देश के सशस्त्र बलों को किसी भी संदिग्ध विमान को मार गिराने का अधिकार दिया गया है।
2013 में वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने एक क़ानून पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत देश की हवाई सीमा में घुसने वाले मादक पदार्थों के तस्करों के विमानों को मार गिराने की बात कही गई थी।
अमरीका ने वेनेज़ुएला पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रखे हैं, ताकि तेल से समृद्ध लैटिन अमरीकी देश की क़ानूनी सरकार को गिरा सके, लेकिन प्रतिबंधों के ज़रिए दबाव बनाने में नाकाम वाशिंगटन अब मादुरो की सरकार को गिराने के लिए नए नए हथकंडे अपना रहा है। msm