ट्रम्प से ज़्यादा उनकी नौकरानी ने टैक्स अदा किया
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के घर काम करने वाली उनकी नौकरानी ने उनसे ज़्यादा टैक्स अदा किया है।
सांड्रा डियाज़ न्यू जर्सी स्थित ट्रम्प के घर की साफ़ सफ़ाई का काम करती थीं। वह उनके कपड़े धोती थीं और बाथरूम समेत कमरों की सफ़ाई करती थीं।
टाइम न्यूज़ वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक़, डियाज़ सुबह 6 बजे से काम शुरू करती थीं, जिसके बाद रात को 10 तक उन्हें फ़ुरसत मिलती थी।
उनके टैक्स रिटर्न फ़ॉर्म W2 से पता चलता है कि 26,792.90 डॉलर की मज़दूरी पर उन्होंने 413.14 डॉलर का भुगतान किया था। दूसरे शब्दों में, कोस्टा रिका की एक अप्रवासी नौकरानी ने 2011 में अमरीका की संघीय सरकार को ट्रम्प के शून्य टैक्स की तुलना में अधिक योगदान दिया था, जबकि ट्रम्प के अरबपति होने का अनुमान है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रम्प ने सन् 2000 के बाद से 15 वर्षों में से 10 वर्षों के दौरान संघीय आय करों का भुगतान नहीं किया। ट्रम्प की कंपनी ने इस दौरान, आय से ज़्यादा नुक़सान होने का दावा किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स ने उनके दो दशकों के टैक्स रिकॉर्ड्स देखने का दावा किया है।
डियाज़ के पास उस समय अमरीकी नागरिकता नहीं थी, इसलिए अदा किए जाने वाले टैक्स का उन्हें कोई लाभ नहीं पहुंच रहा था।
उनका कहना है कि उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि उन्होंने मेहनत की और देश की सेवा में अपना योगदान दिया। msm