अफ़ग़ानिस्तान ने किया अमरीकी बयान का स्वागत
अफ़ग़ानिस्तान से अपने सारे सैनिकों को निकालने पर आधारित अमरीकी राष्ट्रपति के बयान का अफ़ग़ानिस्तान ने स्वागत किया है।
तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता फोआद अमान ने गुरूवार को कहा कि देश के सैनिक अफ़ग़ानिस्तान की रक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम हैं।उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा बल बिना किसी दूसरे की सहायता के अपने बलबूते पर सशस्त्र आतंकवादियों का मुक़ाबला कर रहे हैं। अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय का यह बयान अमरीकी राष्ट्रपति के उस बयान की प्रतिक्रिया में आया है जिसमें कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान से सारे अमरीकी सैनिक वापस बुला लिए जाएंगे।
इसी बीच तालेबान ने भी ट्वीट के माध्यम से बताया है कि इस वर्ष के अंत से पहले अगर सारे अमरीकी सैनिक अफ़गानिस्तान से चले जाते हैं तो हम भी इसका स्वागत करते हैं।
ज्ञात रहे कि आतंकवाद से मुक़ाबले के बहाने सन 2001 से अमरीका और उसके घटक सैनिक इस देश में मौजूद हैं। उनकी उपस्थिति से इस देश में आतंकवाद, घटने के बजाए बढ़ा है।