अगर इस्राईल से संबन्ध बनाए तो जल उठेगा सूडानः अब्दुर्रहीम
सूडान की इस्लामिक एसोसिएशन के प्रमुख ने कहा है कि इस्राईल के साथ अगर सूडान के संबन्ध सामान्य करने का काम किया गया तो पूरे देश में आग लग जाएगी।
अलख़लीज अलजदीद वेबसाइट के अनुसार सूडान की इस्लामिक एसोसिएशन के प्रमुख अब्दुर्रहीम अली ने बताया है कि सूडान के अधिकांश लोग इस्राईल के साथ अपने देश के संबन्ध सामान्य करने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस बारे में कुछ सोचा भी गया तो फिर सूडान में हंगामा हो जाएगा।
अब्दुर्रहीम अली ने बताया कि 80 प्रतिशत से भी अधिक सूडानी, इस्राईल के साथ किसी भी प्रकार का संबन्ध बनाने के विरोधी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस्राईल के साथ संबन्ध सामान्य करने का अर्थ, फ़िलिस्तीनियों के भूमिकों पर ज़ायोनियों के अधिक क़ब्ज़ें के अर्थ में है।
दूसरी ओर इस्राईल के अध्ययन व शोध मंत्रालय की एक रिपोर्ट में बताया है कि फार्स की खाड़ी के तटवर्ती देशों के इस्राईल के साथ संबंध बनाने का 90 प्रतिशत लोग विरोध कर रहे हैं। इस्राईली समाचारपत्र यरुश्लम पोस्ट ने इस्राईली मंत्रालय के अध्ययन के बाद जारी होने वाली रिपोर्ट में यह ब्योरा दिया है। यह अध्ययन अगस्त से सितंबर के दौरान किया गया है जिससे पता चलता है कि क्षेत्र के 90 प्रतिशत अरब नागरिक, इस्राईल के साथ संबंध बनाने के कड़े विरोधी हैं।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त अरब इमारात और बहरैन की ओर से इस्राईल के साथ संबंध बनाने का एलान करने के बाद गत 15 सितंबर को वाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इस्राईली प्रधानमंत्री नेतेन्याहू की उपस्थिति में इस्राईल के साथ संबंध सामान्य बनाने के समझौते पर हस्ताक्षर किये गए थे। इस कार्यक्रम के बाद अरब जगत के सोशल मीडिया पर इस प्रकार के संबंधों के विरोध में हैशटैग ट्रेंड करने लगे।