तालिबान, शांति के नहीं बल्कि युद्ध के पक्षधर हैंः हम्दुल्ला
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का कहना है कि तालेबान केवल युद्ध और हिंसा के इच्छुक हैं।
तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार हम्दुल्ला मुहिब ने कहा कि तालेबान अब भी युद्ध पर ही बल दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि क़तर में शांति वार्ता के बावजूद तालेबान, लगातार युद्ध की बातें कर रहे हैं।
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के अनुसार तालेबान उस समय शांति की बात करना चाहते हैं जब देश के सुरक्षाबलों से बुरी तरह से पराजित हो जाएं। उनका कहना था कि तालेबान की इस सोच के कारण अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के पास तालेबान के मुक़ाबले में युद्ध के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प मौजूद नहीं है। इसी बीच सूचना मिली है कि सरकारी सैनिकों और तालेबान के बीच झड़प में कम से कम 75 तालेबान मारे गए हैं। अफ़ग़ानिस्तान के विभिन्न प्रांतों में होने वाली इन झड़पों में कम से कम 30 तालेबान घायल हुए हैं।
ज्ञात रहे कि क़तर में तालेबान और अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के बीच शांति वार्ता प्रक्रिया के जारी रहने के बावजूद अफ़ग़ानिस्तान में दोनो पक्ष एक-दूसरे के मुक़ाबले में हैं। दोनो ही एक दूसरे पर हमले करते रहते हैं जिसके परिणाम स्वरूप अफ़ग़ानिस्तान में हज़ारों निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं।