चुनाव में धांधली का ट्रम्प का दावा निराधार हैः अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक
अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव के मतदान पर नज़र रखने वाले अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने कहा है कि चुनाव में धांधली का कोई प्रमाण नहीं है और डोनल्ड ट्रम्प का दावा निराधार है।
एनबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़ यूरोप में सुरक्षा व सहयोग संस्था की ओर से अमरीकी चुनाव के लिए नियुक्त की गई टीम के प्रमुख ओरसोला गाचेक ने वाॅशिंग्टन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस चुनाव में धांधली के बारे में किए गए दावे का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि अमरीकी चुनाव पर नज़र रखने के लिए भेजी गई यूरोपीय टीम, मतगणना के अंत तक अमरीका में रुकी रहेगी। इस टीम के समन्वयकर्ता और पूर्व जर्मन कूटनितिज्ञ माइकल ग्योर्ग लिंक ने भी कहा कि इस प्रकार के निराधार दावों से और वह भी वर्तमान राष्ट्रपति की ओर से, प्रजातांत्रिक संस्थाओं के बारे में सार्वजनिक विश्वास को नुक़सान पहुंचेगा।
अमरीकी चुनाव के लिए यूरोप में सुरक्षा व सहयोग संस्था की ओर से नियुक्त की गई टीम में 39 देशों के 102 पर्यवेक्षक हैं। इस टीम ने राष्ट्रपति चुनाव के आयोजन के लिए राज्य सरकारों व अधिकारियों की प्रशंसा की है और कहा है कि कोरोना महामारी के बावजूद मंगलवार को मतदान का अच्छी तरह संचालन किया गया। अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के बाद जारी मतगणना के बारे में अंतिम रिपोर्ट के अनुसार जो बाइडन को इलेक्टोरल काॅलेज के 264 वोट हासिल हुए हैं जबकि डोनल्ड ट्रम्प सिर्फ़ 214 इलेक्टोरल काॅलेज वोट हासिल कर पाए हैं। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए