पैग़म्बर के अनादर का मामला, पाकिस्तान फ़्रान्सीसी राजदूत को निकालेगा
पाकिस्तान की सरकार ने फ़्रान्स द्वारा इस्लाम व पैग़म्बर के अनादर के कारण इस देश के राजदूत को इस्लामाबाद से निकालने की बात मान ली है।
दो दिन से धरने पर बैठे हुए लोगों की मांग स्वीकार करते हुए पाकिस्तान की सरकार ने फ़्रान्स के राष्ट्रपति की ओर से पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम का अनादर किए जाने के कारण इस देश के राजदूत को इस्लामाबाद से निकालने के बारे में कहा है कि यह प्रक्रिया संसद पूरी करेगी। ज्ञात रहे कि पाकिस्तान में हज़ारों लोग दो दिन से धरने पर बैठे हुए थे और वे मांग कर रहे थे कि फ़्रान्स की पत्रिका शार्ली हेब्दू और इसी तरह इस देश के राष्ट्रपति इमानोएल मैक्रां द्वारा पैग़म्बर का अनादर किए जाने के कारण इस्लामाबाद से फ़्रान्स के राजदूत को निकाल बाहर किया जाए। धरने पर बैठे हुए लोगों के प्रतिनिधियों से इमरान ख़ान सरकार की वार्ता के बाद फ़्रान्स के राजदूत को बाहर निकालने और फ़्रान्सीसी वस्तुओं के बहिष्कार पर सहमति बन गई है।
दोनों पक्षों के बीच हुई इस सहमति के समझौते पर पाकिस्तान के गृहमंत्री एजाज़ शाह और धार्मिक मामलों के मंत्री नूरुल हक़ क़ादरी समेत कई अधिकारियों ने दस्तख़त किए हैं। याद रहे कि फ़्रान्स के राष्ट्रपति मैक्रां ने कुछ दिन पहले अत्यंत ढिठाई के साथ कहा था कि उनका देश, पैग़म्बर मुहम्मद के ख़िलाफ़ अपमानजनक कार्टून प्रकाशित किए जाने का समर्थन करता रहेगा। उनके इस बयान से पूरे इस्लामी जगत में रोष फैला हुआ है और बहुत से देशों में फ़्रान्स की वस्तुओं के बहिष्कार की मांग उठ रही है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए