रूस में देश व्यापी स्तर पर कोरोना के टीके लगने शुरू
रूस ने पूरे देश में कोरोना की वैक्सीन स्पूतनीक-5 के टीके लगाने का काम शुरू कर दिया है।
रोएटर्ज़ न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ कोविड-19 के वैक्सिनेशन का काम राजधानी माॅस्को से शुरू किया गया है। इस शहर के 70 क्लिनिकों को रूस की बनी हुई कोरोना वैक्सीन स्पूतनीक-5 लगाने की ज़िम्मेमारी सौंपी गई है। पहले चरण में यह वैक्सीन डाॅक्टरों व चिकित्सा विभाग के लोगों और इसी तरह सामाजिक सेवा के कर्मचारियों को दी जा रही है क्योंकि उन्हें कोविड-19 के संक्रमण का सबसे ज़्यादा ख़तरा है। रूसी अधिकारियों ने बताया है कि वैक्सिनेशन शुरू होने के पहले ही घंटे में पांच हज़ार लोगों ने इसके लिए अपना नाम लिखवाया है। रूस की बनी हुई कोरोना वैक्सीन स्पूतनीक-5 का टीका लगवाने के लिए अधिकतम आयु 60 साल है। इसी तरह गर्भवती महिलाएं और पिछले 2 हफ़्तों के दौरान सांस की समस्या से जूझने वाले लोग भी स्पूतनीक-5 का टीका नहीं लगवा सकते।
रूस ने स्पूतनीक-5 के अलावा कोविड-19 की महामारी की रोकथाम के लिए एक और वैक्सीन तैयार की है। दोनों ही वैक्सीन टेस्ट के अंतिम चरण में हैं। स्पूतनीक-5 वैक्सीन के दो डोज़ इंजेक्ट किए जाते हैं। पहला डोज़ लगने के 21 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जाता है। उल्लेखनीय है कि रूस में कोरोना के सबसे ज़्यादा केस राजधानी माॅस्को में हैं। इस समय रूस में कोरोना के 24 लाख से ज़्यादा मरीज़ हैं और इस देश में 42 हज़ार से ज़्यादा लोगों की कोविड-19 की महामारी से मौत हो चुकी है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए