रेत के नीचे मिला 3000 साल पुराना नगर
https://parstoday.ir/hi/news/world-i97350-रेत_के_नीचे_मिला_3000_साल_पुराना_नगर
मिस्र में खुदाई के दौरान रेत के नीचे से तीन हज़ार साल पुराना शहर मिला है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Apr १०, २०२१ १०:४९ Asia/Kolkata
  • रेत के नीचे मिला 3000 साल पुराना नगर

मिस्र में खुदाई के दौरान रेत के नीचे से तीन हज़ार साल पुराना शहर मिला है।

मिस्र के पुरातत्वविदों ने बताया है कि खुदाई के दौरान उनको ऐसा शहर मिला है जो कम से कम 3000 साल पुराना है।

मिस्र के जानेमाने पुरातत्वविद ज़ाही हवास ने बताया कि मिस्र में खोजा गया यह अबतक का सबसे विशाल प्राचीन नगर है।  उन्होंने कहा कि इस नगर में राजाओं की घाटी स्थित है।  इस प्राचीन नगर से सोने के आभूषण, रंगीन बर्तन, कच्ची मिट्टी की ईंटें और बरतन तथा कुछ और चीज़ें मिली हैं।

मिस्र के विख्यात पुरातत्वविद के नेतृत्व में की गई खुदाई में जो नगर ज़मीन में दफ़्न मिला है उसको, "खोए हुए सुनहरे नगर" का नाम भी दिया गया है।  उनका कहना है कि जिस स्थान से यह नगर मिला है वहां पर विगत में भी कई बार खुदाई हो चुकी है किंतु पहले हमें वहां पर कुछ भी नहीं मिला।  इस बात की आशा जताई जा रही है कि आगे की खुदाई में ख़ज़ाने भी मिल सकते हैं।

रेत के नीचे खोजा गया 3000 साल पुराना नगर, मिस्र की राजधानी क़ाहिरा से लगभग 500 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लग्जर नामक स्थान पर है।  यह अति प्राचीन नगर वर्तमान समय में अच्छी हालत में है।  इस प्राचीन नगर में जो मकान मिले हैं उनकी दीवारें काफ़ी हद तक सुरक्षित हैं।  खोज करने वाली टीम का कहना है कि मिस्र का यह प्राचीन नगर हज़ारों सालों के बाद भी ऐसा लग रहा है जैसे यह अधिक पुराना नहीं है।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए