फ़्रांसः मस्जिद पर हमला, सुरक्षा बढ़ाने जा रहा है गृह मंत्रालय
फ़्रान्स के गृहमंत्री ने रमज़ान का महीना शुरू होने से कुछ दिन पहले एक मस्जिद की दीवारों पर भड़काऊ चित्र बनाए जाने के बाद मुसलमानों के धार्मिक स्थलों और मस्जिदों की कड़ी सुरक्षा के आदेश दिए हैं।
रविवार को फ़्रान्स के पश्चिमी नगर रेन्स में एक मस्जिद की देखभाल करने वाले और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिद की दीवारों पर रंगों से चित्र बने देखे। इन चित्रों में इस्लाम और पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद के ख़िलाफ़ अपमानजनक बातें भी लिखी हुई थीं। रेन्स के प्राॅसिक्यूटर कार्यालय ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
फ़्रान्स के गृहमंत्री जेराल्ड डरमेनिन ने इस संबंध में पत्रकारों से बात करते हुए इस ग़लत हरकत की निंदा की और फ़्रान्स के 57 लाख मुसलमानों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक व धार्मिक केंद्र पर जो मुस्लिम विरोधी बातें लिखी गई हैं वे अस्वीकार्य हैं। डरमेनिन ने कहा कि फ़्रांस में उपासना की आज़ादी, एक बुनियादी आज़ादी है।
यूरोप के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय के रूप में मुसलमानों के साथ फ़्रान्स में हालिया दिनों में कई नाज़ुक घटनाएं हुई हैं। हाल ही में फ़्रान्स की सेनेट ने 18 साल से कम उम्र की लड़कियों पर सार्वजनिक स्थलों पर हिजाब पहनने पर रोक लगाने वाले एक विधेयक के मसौदे के पक्ष में वोट दिया है।
मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेश्नल ने पिछले महीने इस मसौदे पर चेतावनी देते हुए इसे फ़्रान्स में अधिकारों और आज़ादी पर गंभीर हमला क़रार दिया था। (HN)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए