शनिवार -11 जुलाई
11 जुलाई सन 1921 ईसवी को मंगोलिया ने अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1346, लक्ज़मबर्ग के चार्ल्स चतुर्थ को रोमन साम्राज्य का शासक चुना गया।
1673, नीदरलैंड और डेनमार्क के बीच रक्षा संधि पर हस्ताक्षर हुए।
1960, भारतीय फ़िल्म अभिनेता कुमार गौरव का जन्म हुआ।
1979, अमरीकी अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्काई लैब धरती पर गिरी। यह हिंद महासागर और पश्चिम ऑस्ट्रेलिया में गिरी थी। इसके गिरने से पहले पूरी दुनिया में क़यास लगाए जा रहे थे कि यह धरती पर कहां गिरेगी और कितना नुक़सान होगा।
1987, दुनिया की आबादी ने पांच अरब का आंकड़ा पर कर लिया। संयुक्त राष्ट्र ने 11 जुलाई को जनसंख्या दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था।
1995, बोस्निया में 7000 से ज्यादा लोगों का नरसंहार किया गया, जिनमें अधिकांश संख्या मुसलमानों की थी।
मंगोलिया का इतिहास बड़ा पुराना है। मंगोल लड़ाका सरदार चंगेज़ ख़ान ने 13वीं शताब्दी ईसवी के आरंभ से इसी देश से सीमा विस्तार का अपना अभियान आरंभ किया और पूर्वी यूरोप तक बढ़ता चला गया। बाद में विशाल मंगोलिया का विभाजन हो गया। चीन ने एक के बाद एक दोनों भागों पर अधिकार कर लिया। सन 1911 में एक भाग ने चीन के राजनैतिक परिवर्तनों को देखते हुए अपनी स्वाधीनता की घोषणा कर दी किंतु इसके कुछ ही समय बाद चीन और रुस ने एक समझौता करके इसे अपने अधिकार में कर लिया। सन 1917 में रुस में कम्युनिस्ट क्रान्ति आने के बाद चीन ने पूरे मंगोलिया पर अकेले ही अधिकार करना चाहा जिस पर रुस ने प्रतिरोध दिखाया। सन 1921 में मंगोलिया पुन: स्वतंत्र हो गया और सन 1924 में सोवियत संघ के उकसावे पर मंगोलिया में राजशाही शासन व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया और फिर इस देश में कम्युनिस्ट शासन लागु हो गया किंतु सोवियत संघ के विघटन के बाद इस देश में प्रजातंत्र की स्थापना हो गई। मंगोलिया का क्षेत्रफल 15 लाख पैंसठ हज़ार वर्ग किलोमीटर है। रुस और चीन इसके पड़ोसी देश हैं।
11 जुलाई वर्ष 1922 को हॉलिवुड बाउल की स्थापना हुई। हॉलीवुड संयुक्त राज्य अमरीका के फ़िल्म उद्योग का नाम है। इसका नाम कैलीफ़ोर्निया में लास एंजेलेस के एक ज़िले के नाम पर रखा गया है जहाँ पर बहुत सारे फ़िल्म स्टूडियो स्थापित हैं। 19वीं शताब्दी में होमस अल्वा ऐडिसन ने काइनेटोस्कोप की स्थापना की और इसके पेटेन्ट के सहारे फ़िल्म निर्माताओं से बहुत बड़ी-बड़ी फ़ीस माँगीं। इससे बचने के लिए कई फ़िल्म कम्पनियाँ कैलिफ़ोर्निया के हॉलीवुड ज़िले में आकर स्थापित हो गईं। आजकल अधिकतर फ़िल्म उद्योग पास ही में बुबैंक और वेस्टसाइड में चला गया है किन्तु बहुत से काम अब भी हॉलीवुड में ही होते हैं। हॉलीवुड का सबसे प्रसिद्ध पुरस्कार एकेडमी पुरस्कार है जिसे ऑस्कर पुरस्कार के नाम से भी जाना जाता है। यह पुरस्कार अमरीका की अकेडेमी ऑफ़ मोशन पिक्चर आर्ट्स ऐन्ड साइंसेज़ द्वारा प्रस्तावित पुरस्कार है। फिल्म व्यवसाय से जुड़े सर्वश्रेष्ठ निर्देशकों, कलाकारों, लेखक व तकनीशियनों को दिया जाने वाला यह प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार है। इस पुरस्कार का पहला समारोह 16 मई वर्ष 1929 को आयोजित किया गया था।
11 जुलाई वर्ष 1996 को रणवीर सेना ने भारत के राज्य बिहार के भोजपुर ज़िले के बथानी टोला गांव में कमज़ोर वर्ग के 21 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें 12 महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। 11 जुलाई को हुए इस नरसंहार के बाद लोगों में भय का वातावरण व्याप्त हो गया और स्थानीय पुलिस को इस घटना की जांच का आदेश दिया गया किन्तु इतने वर्ष बीतने के बाद भी इस जांच का कोई परिणाम नहीं निकला और हत्यारों को कोई दंड नहीं दिया गया। जांच पूरी होने के बाद पटना हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी की कि अभियुक्तों को बचाने के लिए पुलिस ने जांच के काम में लापरवाही बरती है। कुछ लोगों का कहना है कि इस आधुनिक संसार में भी भारत के बिहार राज्य सहित कई क्षेत्रों में सामंतवादी विचार धारा समाप्त नहीं हुई और आज भी ताकतवर लोग कमजोर लोगों को दबा देते है और गरीबों की जान को मुआवजे से तौल दिया जाता है।
11 जुलाई वर्ष 1987 में विश्व की जनसंख्या 5 अरब हुई थी तब से इस विशेष दिन को विश्व जनसंख्या दिवस घोषित कर हर साल एक यादगार और परिवार नियोजन का संकल्प लेने के दिन के रुप में याद किया जाने लगा। आज विश्व जनसंख्या दिवस है। हर राष्ट्र में इस दिन का विशेष महत्व है क्यूंकि आज दुनियां के हर विकासशील और विकसित दोनों तरह के देश जनसंख्या विस्फोट से चिंतित हैं। विकासशील देश अपनी आबादी और जनसंख्या के बीच तालमेल बैठाने में मथ्थापच्ची कर रहे हैं तो विकसित देश पलायन और रोज़गार की चाह में बाहर से आकर रहने वाले शरणार्थियों के कारण परेशान हैं। विश्व की कुल आबादी का आधा या कहें इससे अधिक भाग एशियाई देशों में है। चीन, भारत और अन्य एशियाई देशों में शिक्षा और जागरुकता की कमी की वजह से जनसंख्या विस्फोट के गंभीर खतरे साफ दिखाई देने लगे हैं। यह ऐसी स्थिति में है कि यदि भारत ने अपनी जनसंख्या वृद्धि दर पर रोक नहीं लगाई तो वह 2030 तक संसार का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन जाएगा।
***
19 ज़ीक़ादा सन 718 हिजरी क़मरी को ईरान के भौतिकशास्त्री व गणितज्ञ कमालुद्दीन फ़ार्सी का निधन हुआ। उन्होंने युवावस्था में ज्ञान प्राप्ति के उद्देश्य से कई यात्राएं कीं और अपना उद्देश्य पूरा किया। उन्होंने अपनी छोटी सी आयु में गणित और भौतिक शास्त्र के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किये।
कमालुद्दीन फ़ार्सी की पुस्तकों में सबसे महत्वपूर्ण पुस्तक तज़केरतुल अहबाब है जिसमें उन्होंने अंकों से संबंधित महत्वपूर्ण विचार पेश किए।
इस पुस्तक के अध्ययन से पता चलता है कि वे गणित का बहुत गहरा और व्यापक ज्ञान रखते थे।
19 ज़ीक़ादा सन 1238 हिजरी क़मरी को पूर्वी तुर्की के रोमभूनि नामक क्षेत्र में इसी नाम से ईरान और उसमानी शासन के बीच एक समझौता हुआ। ईरान से युद्ध में निरंतर पराजय का सामना करने के बाद उसमानी शासन ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किये। इस समझौते के आधार पर दोनों सरकारों ने एक दूसरे के क्षेत्रों पर अपने अधिकार का दावा करना बंद कर दिया।