ईरानी बाज़ार- 43
हमने आपको बताया था कि वर्तमान समय में पर्यटन को कई भागों में बांटा गया है जिनमें से एक, स्वास्थ्य पर्यटन भी है।
स्वास्थ्य पर्यटन के अन्तर्गत मनुष्य किसी बीमारी के उपचार के उद्देश्य से उस देश की यात्रा करता है जहां पर उसकी बीमारी का उपचार उचित ढंग से किया जा सके। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य तो विदेश जाकर अपना उपचार करना होता है किंतु साथ ही इलाज कराने वाला यात्री उस देश के पर्यटक आकर्षणों से भी अवगत होता है। विश्व पर्यटन संघ के अनुसार सात विदेशी पर्यटकों के आने से मेज़बान देश में कम से कम एक व्यक्ति के लिए रोज़गार का सृजन होता है जबकि हेल्थ टूरिज़्म से संबन्ध रखने वाले 4 विदेशी यात्रियों से ही यह काम आसानी से होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार सस्ते इलाज, अच्छी सुविधाओं, कुशल चिकित्सकों की उपस्थिति तथा उचित सेवाओं के कारण ईरान, स्वास्थ्य पर्यटन के लिए एक बहुत ही अच्छा विकल्प है।
ईरान के अस्पतालों में आधुनिक ढंग से सारी बीमारियों का उपचार बहुत ही उचित तरीक़े से किया जाता है। यहां पर विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे बहुत से डाक्टर मौजूद हैं जो अपने क्षेत्र में विश्व ख्याति के स्वामी हैं अर्थात उनको न केवल ईरान में बल्कि विदेश में भी बड़ा सम्मान प्राप्त है। विशेष बात यह है कि अन्य देशों की तुलना में ईरान में उपचार काफ़ी सस्ता है। यही कारण है कि बहुत से देशों के मरीज़ अपने उपचार के लिए ईरान आते हैं। ईरान में पाए जाने वाले अच्छे स्वास्थ्य केन्द्र केवल राजधानी तेहरान तक सीमित नहीं हैं। ईरान के कई शहरों में एसे केन्द्र मौजूद हैं जहां पर विदेश से बीमार आकर अपना उपचार कराते हैं। इन्हीं शहरों में से एक शहर, शीराज़ भी है। शीराज़ नगर, फार्स प्रांत में है जो दक्षिणी ईरान में स्थित है। ईरान के इस एतिहासिक नगर में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बड़े-बड़े एसे स्वास्थ्य केन्द्र हैं जिनमें इलाज के लिए लोग बाहर से आते हैं।
शीराज़, ईरान का अति प्राचीन शहर है। इसका इतिहास लगभग 4000 वर्ष पुराना है। पिछले कई दशकों से शीराज़ नगर विदेशी बीमारों के उपचार केन्द्र में बदल चुका हैं। यहां पर फ़ार्स की खाड़ी के तटवर्ती देशों के बीमार अधिक आते हैं। शीराज़ में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित अस्पतालों के साथ ही वहां पर मरीज़ों के लिए सेवाएं बहुत अच्छे ढंग से उपलब्ध कराई जाती हैं। वहां पर अनुभवी डाक्टरों के साथ ही दक्ष स्टाफ़ भी पूरी निष्ठा के साथ बीमारों की देखभाल करता है। इसके अतिरिक्त वहां पर बीमारों के रहने का उचित प्रबंध किया गया है।
शीराज़ आकर अपना उपचार कराने वाले बीमार उन कंपनियों से संपर्क स्थापित कर सकते हैं जो विदेशी बीमारों को जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेल्थ टूरिज़्म के अन्तर्गत सक्रिय हैं। यह कंपनियां विदेशी बीमारों को उनके क़ानूनी अधिकारों और अन्य क़ानूनी बातों से अवगत करवाती हैं। उचित यही होगा कि जब भी कोई विदेशी बीमार अपने उपचार के लिए आए तो पहले वह अपने क़ूनूनी अधिकार और बीमारी से संबन्धित सारी बातों को ठीक से समझ ले ताकि बाद में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जैसाकि आपको बताया गया कि ईरान का दक्षिणी नगर शीराज़ दशकों से विदेशी बीमारों का उपचार केन्द्र रहा है इसी बात के दृष्टिगत शीराज़ में “शीराज़ हेल्थ सिटी” के नाम से एक बहुत ही आधुनिक उपचार केन्द्र बनाया जा रहा है। इसका क्षेत्रफल लगभग 800 हेक्टर है। इस परियोजना पर अभी काम चल रहा है। शीराज़ हेल्थ सिटी में आधुनिक चिकित्सा केन्द्र के साथ ही ठहरने के लिए अच्छे होटल, बीमारों के लिए पार्क और विकलांगों के लिए भी अलग निवास स्थल बनाए जा रहे हैं। यह ऐसा केन्द्र है जहां पर बीमार को हर प्रकार से संतुष्ट और प्रसन्न रखने का प्रयास किया जा रहा है।
कहते हैं कि वर्तमान समय में दिल से संबन्धित बीमारियां बहुत तेज़ी से बढ़ रही हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि सन 2015 के दौरान पूरे संसार में कम से कम एक करोड़ अस्सी लाख लोग दिल की बीमारियों के कारण मौत का शिकार हुए। हृदय विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान समय में संसार में 400 मिलयन से अधिक लोग दिल की बीमारियों में ग्रस्त हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि सन 2020 तक पूरी दुनिया में मरने वाले लोगों में से अधिकांश की मौत दिल की बीमारियों के कारण ही होगी। हालांकि कहा यह जाता है कि दिल की बीमारी सामान्यतः 40 साल से ऊपर लोगों को होती है किंतु वर्तमान समय में यह बीमारी 40 साल से कम के लोगों को भी हो रही है। ऐसे भी कई उदाहरण पाए जाते हैं कि कुछ बच्चों के भीतर भी दिल की बीमारी के लक्षण पाए गए। अब यह बीमारी महिलाओं को भी हो रही है और महिलाएं भी इस बीमारी का शिकार हो रही हैं हालांकि दिल की बीमारी के शिकार अधिकतर पुरूष ही होते हैं। इस समय की हमारी जीवन शैली, इसका मुख्य कारण है जिसमें मोटापा सबसे ऊपर है। सर्वेक्षणों से पता चलता है कि वर्तमान समय में लगभग एक अरब लोग मोटापे से परेशान हैं। दिल की बीमारी के बहुत से कारक हो सकते हैं जैसे शुगर, सिग्रेट का प्रयोग, तनाव, बल्ड प्रेशर, मेहनत न करना और अनुवांशिक कारण आदि। दिल से संबन्धित बीमारियों के और भी कुछ कारण हो सकते हैं जैसे वायु प्रदूषण, मुंह के अंदर का इन्फेक्शन, कम सोना, ख़ून की चर्बी का बढ़ना और इसी प्रकार की कुछ अन्य बातें।
दिल की बीमारियों के इलाज और इस संबन्ध में किये जाने वाले बहुत से सफल ऑप्रेशनों के कारण विश्व के हार्ट विशेषज्ञों ने इस क्षेत्र में अर्जित की गई ईरानी डाक्टरों की उपलब्धियों की सराहना की है। दिल की बीमारियों के उपचार के क्षेत्र में ईरान में कुछ एसे डाक्टर मौजूद हैं जिनको विश्व ख्याति हासिल है। जर्मनी में कई एसे अस्पताल हैं जिनके प्रमुख ईरानी डाक्टर हैं। अमरीका में बहुत से हार्ट स्पेशलिस्ट ईरानी हैं। यह ईरानी डाक्टरों के लिए बहुत सम्मान की बात है। वर्तमान समय में मध्यपूर्व में ईरान ही सबसे शांत और सुरक्षित देश है। यही कारण है कि बहुत से लोग अपने इलाज के लिए ईरान को चुनते हैं। ईरान में दिल की बीमारियों का इलाज बहुत ही उचित ढंग से किया जाता है। यही कारण है कि ईरान के अधिकांश नगरों में दिल की बीमारियों का उपचार बहुत आम सी बात है।
ईरान के जिन नगरों में दिल की बीमारी के उपचार के, विशेषज्ञ स्तर के अस्पताल हैं उनमें से एक मशहद भी है जो ख़ुरासाने रज़वी प्रांत में स्थित है। हृदय रोग के उपचार के लिए मशहद का सबसे अच्छा अस्पताल, “जवादुल अइम्मे” है। यह अस्पताल, स्वास्थ्य से संबन्धित अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। यहां पर विदेशी बीमारों के उपचार के लिए विशेष सेवाएं प्रदान की जाती हैं। मशहद के इस अस्पताल के बारे में विस्तृत जानकारी इस एड्रेस से हासिल की जा सकती है। JAVADALAEMEHOSP.IR
पवित्र नगर मशहद में एक और अस्पताल है जहां पर विशेषज्ञों के निगरानी में बीमारों की इलाज किया जाता है। इसका नाम है, रिज़वी अस्पताल। रिज़वी अस्पताल, विदेशी बीमारों के उपचार की दृष्टि से ईरान का सबसे सफल एवं ख्याति प्राप्त अस्पताल है। अपनी अच्छी सेवाओं और कुशल प्रबंधन के कारण रिज़वी अस्पताल को कनाडा से एसीआई और जर्मनी से टीईएमओएस की उपाधि मिली है। रिज़वी अस्पताल, अन्तर्राष्ट्रीय मानदंडों वाला अस्पताल है। यहां पर किसी भी बीमार के उपचार के लिए समस्त अन्तर्राष्ट्रीय मानदंडों का विशेष रूप में ध्यान रखा जाता है। विदेशी बीमारों के लिए अच्छी बात यह है कि मशहद के रिज़वी अस्पताल में इलाज कराने वालों के लिए फ़ारसी भाषा के अतिरिक्त अंग्रेज़ी, अरबी, रूसी, तुर्की और ताजिकिस्तानी भाषाओं में भी सेवाएं प्रदान की जाती हैं।