भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार बहाल करने का मुद्दा चर्चा में
भारत और पाकिस्तान के बीच बंद कारोबार दोबारा शुरू करने का विषय चर्चा में आ गया है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ़ताह इस्माईल ने एक बयान दिया जिससे यह विषय चर्चा के केन्द्र में आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत से आयात बहाल करने की अनुमति देने का फ़ैसला देश में सप्लाई की स्थिति का जायज़ा लेने, घटकों और स्टेक होल्डर्ज़ से मशविरा करने के बाद करेगी।
पाकिस्तानी वित्त मंत्री ने अपने बयान में कहा कि एक से अधिक एजेंसियों ने सरकार से संपर्क किया है कि उन्हें ज़मीनी सीमा के रास्ते भारत से खाने पीने की चीज़ें इम्पोर्ट करने की अनुमति दी जाए।
मिफ़ताह इस्माईल ने अपने ट्वीट में कहा कि सरकार अपने घटकों और अहम स्टेक होल्डर्ज़ से विमर्श करने के बाद भारत से आयात बहाल करने या न करने का फ़ैसला करेगी।
पाकिस्तान में भयावह बाढ़ के दौरान राहत और बचाव का काम जारी है, लेकिन देश के लगभग एक तिहाई हिस्से निगल चुकी बाढ़ की वजह से खेती की जमीन का बड़ा हिस्सा डूब चुका है, इससे देश में अनाज,सब्ज़ियां, फल और दूसरे खाद्य पदार्थों की किल्लत हो सकती है।
इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल ने सवालों के जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने वाणिज्य और वित्त सचिवों से भारत से खाने-पीने की चीज़ें मंगाने के प्रस्ताव पर विचार किया है, अगले कुछ दिनों में वो इस पर प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करेंगे, लेकिन आयात शुरू करने से पहले कैबिनेट की मंज़ूरी लेनी होगी।
मिफ्ताह इस्माइल ने कहा कि हम ड्यूटी फ्री आयात की इजाज़त देंगे ताकि यह प्रक्रिया आसान हो सके, हम भारत से लैंड बॉर्डर के ज़रिये आयात की अनुमति देने पर विचार करेंगे क्योंकि लगता नहीं है कि पाकिस्तान में कीमतें कम होंगीं।
दूसरी ओर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पाकिस्तान में बाढ़ की भयावह स्थिति पर दुख जताया।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए