छत्तीसगढ़, खदान में बड़ा हादसा,5 महिलाएं सहित 6 लोगों की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i119236-छत्तीसगढ़_खदान_में_बड़ा_हादसा_5_महिलाएं_सहित_6_लोगों_की_मौत
छत्तीसगढ़ के बस्तर ज़िले में मिट्टी की खदान का कुछ हिस्सा धंस जाने से पांच महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०३, २०२२ १३:२८ Asia/Kolkata
  • छत्तीसगढ़, खदान में बड़ा हादसा,5 महिलाएं सहित 6 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के बस्तर ज़िले में मिट्टी की खदान का कुछ हिस्सा धंस जाने से पांच महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने विधानसभा में यह जानकारी दी और कहा कि ज़िला मुख्यालय जगदलपुर से लगभग 12 किलोमीटर दूर नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव में छुई मिट्टी खदान के धंसने से इसमें दबकर छह लोगों की मौत हो गई है, मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं।

बस्तर क्षेत्र में सफेद मिट्टी, जिसे ‘छुई’ के रूप में जाना जाता है, का उपयोग ग्रामीणों द्वारा मिट्टी की दीवारों को रंगने के लिए किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन महिलाएं घायल हुई हैं, घायलों को जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया है, सभी की हालत ख़तरे से बाहर है.

मंत्री ने बताया कि पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रत्येक मृतक व्यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

इससे पहले शहर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया था कि इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है।

मालगांव में जिस जगह पर हादसा हुआ है वहां पर ग्रामीणों ने करीब 10 फीट लंबी सुरंग बना दी थी। अंदर से रोज छुई मिट्टी निकालते थे।

यह खनन शासकीय भूमि पर अवैध रूप से किया जा रहा था। इलाके के लोग रोजाना यहां से मिट्टी निकालकर अपने घरेलू काम के लिए लेते थे। इस जगह पर करीब सालभर से छुई मिट्टी निकालने का काम जारी था। इसकी जानकारी प्रशासन को भी नहीं दी गई थी। इस हादसे के बाद ग्रामीणों को खनन करने के लिए मना कर दिया गया है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें