गुजरात में दूसरे चरण में 93 सीटों के लिए मतदान शुरू
भारत के गुजरात राज्य की विधानसभा चुनाव के दूसरे और आख़िरी चरण के लिए आज 93 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है।
14 ज़िलों की 93 सीटों पर सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हो गई।
इस चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर, दलित नेता जिग्नेश मेवाणी, भाजपा के बागी नेता मधु श्रीवास्तव जैसे कई नेताओं की क़िस्मत का फ़ैसला होना है।
चुनावी मैदान में कुल 833 उम्मीदवार हैं, इस चरण के चुनाव में कुल 2.51 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं। पहले चरण के लिए 89 सीटों पर एक दिसंबर को वोटिंग हो चुकी है।
2017 के विधानसभा चुनावों में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 93 में से कुल 51 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने 39 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीत कर आए थे।
भाजपा और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सभी 93 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस 90 सीटों पर और उसकी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए