पीएम मोदी बने 'दुनिया की आवाज़ः विदेश मंत्री जयशंकर
https://parstoday.ir/hi/news/india-i119452-पीएम_मोदी_बने_'दुनिया_की_आवाज़ः_विदेश_मंत्री_जयशंकर
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर कहा कि भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज विकासशील देशों को लेकर दुनिया की आवाज बन गए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १०, २०२२ ०५:३३ Asia/Kolkata
  • पीएम मोदी बने 'दुनिया की आवाज़ः विदेश मंत्री जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर कहा कि भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज विकासशील देशों को लेकर दुनिया की आवाज बन गए हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि बातचीत और कूटनीति के माध्यम से यूक्रेन संघर्ष के शीघ्र समापन पर जोर देने के मामले में, भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष रूप से विकासशील देशों को लेकर ‘दुनिया की आवाज' बन गए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत ने इस संघर्ष में भारतीय नागरिकों के कल्याण का ‘पक्ष' लिया और वह उन देशों में शामिल है, जिनके साथ सभी पक्ष अपने विचार साझा कर रहे हैं।

एक चैनल कार्यक्रम में यह पूछे जाने पर कि भारत किसका समर्थन कर रहा है, जयशंकर ने कहा कि भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों की भलाई को ध्यान में रखा है। जयशंकर ने कहा कि कई सारे देश बातचीत और कूटनीति के माध्यम से इस संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने पर जोर दे रहे हैं, क्योंकि इसका प्रभाव खाद्य, ऊर्जा और उर्वरकों की कीमतों पर महसूस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि विशेषकर विकासशील देशों के संदर्भ में आज भारत और प्रधानमंत्री मोदी एक तरह से दुनिया की आवाज बन गए हैं, क्योंकि इस संघर्ष का प्रभाव विकासशील देशों द्वारा महसूस किया जा रहा है।

यह पूछे जाने पर कि क्या संघर्ष खत्म करने में भारत शांतिदूत बन सकता है, जयशंकर ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि उन्होंने कहा कि यह स्थिति पर निर्भर करेगा। मैं कम से कम यह कह सकता हूं कि कुछ देश ऐसे हैं जिनके साथ सभी पक्ष अपने विचार साझा करते हैं। हम इन देशों में से हैं।

जी-20 में भारत की अध्यक्षता के बारे में पूछे जाने पर जयशंकर ने इसे गर्व की बात बताया और कहा कि केंद्र को सभी राज्यों और अन्य हितधारकों का समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि जी20 राजनीति का विषय नहीं है और यह विवाद का विषय भी नहीं है। उन्होंने कहा कि देशभर में यह राय है कि जी-20 शिखर सम्मेलन की सफलता हम सभी के लिए गर्व की बात होगी।

पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद कुछ नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि 2020 में तनाव बढ़ने के बाद क्षेत्र में भारत ने जो सैन्य तैनाती की उसी के कारण से नतीजे सामने आये हैं। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें