महिलाओं की भागीदारी से आगे बढ़ रहा है समाजः भारतीय प्रधानमंत्री
https://parstoday.ir/hi/news/india-i120230-महिलाओं_की_भागीदारी_से_आगे_बढ़_रहा_है_समाजः_भारतीय_प्रधानमंत्री
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश की सोच केवल यह नहीं है कि विज्ञान के जरिये नारी सशक्तिकरण करें, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से विज्ञान का भी सशक्तिकरण करें।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ०३, २०२३ ०८:५८ Asia/Kolkata
  • महिलाओं की भागीदारी से आगे बढ़ रहा है समाजः भारतीय प्रधानमंत्री

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश की सोच केवल यह नहीं है कि विज्ञान के जरिये नारी सशक्तिकरण करें, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से विज्ञान का भी सशक्तिकरण करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को 108वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अगले 25 वर्षों में भारत जिस ऊंचाई पर होगा, उसमें भारत की वैज्ञानिक शक्ति की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी, विज्ञान में जुनून के साथ जब देश की सेवा का संकल्प जुड़ जाता है, तो नतीजे भी अभूतपूर्ण आते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की 21वीं सदी में हमारे पास डेटा और तकनीकी बहुतायत में है। यह भारत के विज्ञान को नई ऊंचाईयों तक पहुंचा सकता है। पीएम मोदी ने भारतीय विज्ञान कांग्रेस के कार्यक्रम में कहा कि आज का भारत जिस साइंटिफिक अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहा है, हम उसके नतीजे भी देख रहे हैं, विज्ञान के क्षेत्र में भारत तेजी से विश्व के टॉप देशों में शामिल हो रहा है, उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में भारत दुनिया के शीर्ष 10 देशों में अपना स्थान रखता है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2015 तक 130 देशों की ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत 81वें स्थान पर था और 2022 में हम 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएचडी और स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत शीर्ष तीन देशों में शामिल है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश की सोच केवल यह नहीं है कि विज्ञान के जरिये नारी सशक्तिकरण करें, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से विज्ञान का भी सशक्तिकरण करें। उन्होंने कहा कि विज्ञान और शोध को नई गति दें, यह हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के प्रयास तभी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में बदल सकते हैं, जब वो लैब से निकलकर जमीन पर पहुंचें और उनका प्रभाव वैश्विक स्तर से जमीनी स्तर पर हो।

उन्होंने कहा कि भारत की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए, भारत में विज्ञान का विकास, हमारे वैज्ञानिक समुदाय की मूल प्रेरणा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में विज्ञान, भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि हमें ऐसे विषयों पर काम करने की जरूरत है, जो पूरी मानवता के लिए महत्वपूर्ण हों और सबके लिए भारत को अहम बनाएं। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें