प्रज्ञा ठाकुर के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग, पूर्व नौकरशाहों का पत्र
https://parstoday.ir/hi/news/india-i120430-प्रज्ञा_ठाकुर_के_ख़िलाफ़_कार्रवाई_करने_की_मांग_पूर्व_नौकरशाहों_का_पत्र
भारत के पूर्व नौकरशाहों के एक समूह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के ख़िलाफ़ ‘ग़ैर-हिंदु समुदायों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने और उनके ख़िलाफ़ हिंसा की वकालत करने’ के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ०९, २०२३ ११:५२ Asia/Kolkata
  • प्रज्ञा ठाकुर के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग, पूर्व नौकरशाहों का पत्र

भारत के पूर्व नौकरशाहों के एक समूह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के ख़िलाफ़ ‘ग़ैर-हिंदु समुदायों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने और उनके ख़िलाफ़ हिंसा की वकालत करने’ के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

2008 के मालेगांव विस्फोट मामले के आरोपियों में से एक प्रज्ञा ठाकुर ने पिछले 25 दिसम्बर को कर्नाटक के शिवमोगा में हिंदुओं से ‘दुश्मनों के सिर काटने’ के लिए घर में ‘धारदार चाकू’ रखने के लिए कहा था। इसे लेकर उनके खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया है।

चिकित्सा आधार पर मिली ज़मानत पर बाहर प्रज्ञा ठाकुर गंभीर बीमारियों का हवाला देकर मालेगांव विस्फोट मुक़द्दमे में अदालत की सुनवाइयों में अनुपस्थित रही हैं हालांकि, 6 जनवरी को उन्हें क्रिकेट खेलते देखा गया।

शिवमोगा में दिए गए बयान का हवाला देते हुए कॉन्स्टिट्यूशनल कंडक्ट ग्रुप के बैनर तले सौ से अधिक पूर्व सिविल सेवकों ने कहा कि यद्यपि ऐसा लगता है कि प्रज्ञा ठाकुर ने उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आपराधिक आरोपों से बचने के लिए चतुराई से अपने शब्दों को चुना है, लेकिन यह बेहद झीना आवरण है। वह स्पष्ट रूप से ग़ैर-हिंदु समुदायों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैला रही हैं और उनके ख़िलाफ़ हिंसा की वकालत कर रही हैं।

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि भोपाल सांसद के ख़िलाफ लोकसभा के नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उनके भड़काने वाली अभद्र भाषा और बार-बार नफ़रत फैलाने वाले कृत्यों के चलते उन्होंने संसद सदस्य होने का नैतिक अधिकार खो दिया है।

पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में एएस दुलत, नजीब जंग, हर्ष मंदर, शिवशंकर मेनन, टीकेए नायर, जूलियो रिबेरो और अरुणा रॉय भी शामिल हैं। (AK)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें