गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री, सरकार ने किया ख़ारिज, बीबीसी ने पूछे सवाल
https://parstoday.ir/hi/news/india-i120774-गुजरात_दंगों_पर_डॉक्यूमेंट्री_सरकार_ने_किया_ख़ारिज_बीबीसी_ने_पूछे_सवाल
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात दंगों के लिए ज़िम्मेदार ठहराने वाली बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर उठे विवाद के बीच भारत ने इसे ‘दुष्प्रचार का एक हिस्सा’ क़रार देते हुए सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि इसमें पूर्वाग्रह, निष्पक्षता की कमी और औपनिवेशिक मानसिकता स्पष्ट रूप से झलकती है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २१, २०२३ ०४:५६ Asia/Kolkata
  • गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री, सरकार ने किया ख़ारिज, बीबीसी ने पूछे सवाल

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात दंगों के लिए ज़िम्मेदार ठहराने वाली बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर उठे विवाद के बीच भारत ने इसे ‘दुष्प्रचार का एक हिस्सा’ क़रार देते हुए सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि इसमें पूर्वाग्रह, निष्पक्षता की कमी और औपनिवेशिक मानसिकता स्पष्ट रूप से झलकती है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बीबीसी की इस डॉक्यूमेंट्री पर संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यह एक ‘गलत आख्यान’ को आगे बढ़ाने के लिए दुष्प्रचार का एक हिस्सा है।

बागची ने कहा कि यह हमें इस कवायद के उद्देश्य और इसके पीछे के एजेंडा के बारे में सोचने पर मजबूर करता हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट तौर पर वह ऐसे प्रयासों को महत्व नहीं देना चाहते।

उधर बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री का बचाव करते हुए कहा कि यह काफी शोध करने के बाद बनाई गयी डॉक्यूमेंट्री है जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों को निष्पक्षता से उजागर करने की कोशिश की गई है।

मीडिया प्रतिष्ठान की ओर से यह टिप्पणी सरकार द्वारा ‘दुष्प्रचार सामग्री’ करार दिए जाने के एक दिन बाद आई।

बीबीसी के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि डॉक्यूमेंट्री पर उच्चतम संपादकीय मानकों के अनुसार गहन शोध किया गया।

बीबीसी ने कहा कि श्रृंखला बनाते समय उसने कई तरह की राय रखने वाले लोगों से संपर्क किया। प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न राय रखने वाले लोगों, गवाहों और विशेषज्ञों से संपर्क किया गया और हमने कई तरह की राय पेश की है, इसमें भाजपा के लोगों की प्रतिक्रियाएं शामिल हैं, हमने भारत सरकार को श्रृंखला में उठाए गए मुद्दों पर जवाब देने के लिए कहा लेकिन उसने जवाब देने से इनकार कर दिया।

बीबीसी ने कहा कि वह दुनिया भर के महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध है और वृत्तचित्र श्रृंखला ‘भारत के हिंदु बहुसंख्यक और मुस्लिम अल्पसंख्यक के बीच तनाव की जांच करती है और उन तनावों के संबंध में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति की पड़ताल करती है।

प्रवक्ता ने कहा कि यह हाल के वर्षों में भारत और दुनिया भर में रिपोर्टिंग एवं अभिरुचि का उल्लेखनीय स्रोत रहा है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें