बिहार, भीड़ ने पीट-पीट कर दो लोगों की हत्या कर दी
बिहार के रोहतास ज़िले में सेना के एक पूर्व जवान की गोली मारकर हत्या करने के बाद भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है।
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हत्या सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के कल्याणी गांव में उस समय हुई जब पूर्व जवान विजेंद्र सिंह अपने निर्माणाधीन घर का निरीक्षण करने गए थे।
बुधवार सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर जब विजेंद्र सिंह घर से बाहर निकले तो तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
स्थानीय निवासियों ने गोलीबारी की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देख गोली चलाने वाले घबरा गए और भागने लगे।
भीड़ बढ़ती गई और उनका पीछा करती रही। हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली एक ग्रामीण के पैर को छूती हुई निकल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावरों का पीछा करीब 4 किलोमीटर तक जारी रहा और तीनों दूसरे गांव गोशालडीह की गलियों में फंस गए जहां उन्हें लात-घूंसों, डंडों और ईंटों से पीटा गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों की पहचान मिथिलेश कुमार, आदित्य और अमित कुमार के रूप में हुई है। इनमें से अमित कुमार भीड़ की पिटाई से घायल हो गया, उसे सासाराम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए