परिवार और पार्टी में कोई मतभेद नहींः मुलायम सिंह
समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि हमारे परिवार और पार्टी में कोई मतभेद नहीं है और सब एक हैं।
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए कहा कि मैं दो-तीन बातें आपके सामने रखना चाहता हूं। मैं शुरू से ही समाजवाद की राह पर चला हं। सभी को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। शुरु से ही मैं जनता के हितों का ख्याल रखता आया है।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि परिवार एक है और पार्टी एक है और उसमें कोई मतभेद नहीं है। मुलायम सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक साथ हैं। उन्होंने ने कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री हैं और बने रहेंगे। अखिलेश के मुख्यमंत्री बने रहने को लेकर किसी को आपत्ति नहीं है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि 2017 के चुनाव का चेहरा अकेले अखिलेश नहीं होंगे।
अमर सिंह के बारे में पूछे गए सवाल पर उनका कहना था कि अमर सिंह को बीच में क्यों लाते है, अमर सिंह को पार्टी से नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि पार्टी में कुछ लोग षड्यंत्र कर रहे हैं, स्पष्ट किया कि चुनाव में बहुमत मिलने के बाद ही नेता चुनेंगे और मुख्यमंत्री को लेकर कोई फ़ैसला होगा। उन्होंने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास है। शिवपाल यादव की वापसी को लेकर पूछे गए एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि शिवपाल की वापसी का फ़ैसला मुख्यमंत्री अखिलेश करेंगे। बर्खास्त मंत्रियों की वापसी को लेकर उन्होंने कहा कि यह फ़ैसला मुख्यमंत्री पर छोड़ता हूं। राज्य कैबिनेट में किसे शामिल करना है, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तय करेंगे।
मुलायम के साथ बैठक में शिवपाल यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बर्खास्त मंत्री शादाब फ़ातेमा और गायत्री प्रजापति, ओम प्रकाश सिंह और नारद राय भी मौजूद रहे। मुलायम सिंह यादव की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपाल तो मौजूद थे किन्तु मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उपस्थित नहीं थे। (AK)