गोवा और पंजाब में मतदान आरंभ, रिकार्ड मतदान की आशा
भारत में पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शनिवार से पंजाब और गोवा में आरंभ हो गया है जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार गोवा में जहां 40 सीटों के लिए मतदान हो रहा है वहीं पंजाब में 117 सीटों पर मतदान हो रहा है। गोवा में सुबह सात बजे से जबकि पंजाब में सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये हैं।
भारत के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने पणजी में मतदान किया। उन्होंने ट्वीट किया कि गोवा में इस बार पिछले बार की तुलना में अधिक मतदान की उम्मीद है। पिछली बार 84 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को दो तिहाई बहुमत प्राप्त करके फिर से सत्ता में आएगी।
पंजाब में कांग्रेस, भाजपा-शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी की परीक्षा होगी। आम आदमी पार्टी पंजाब में पहली बार चुनाव लड़ रही है। पंजाब में पिछले दस साल से अकाली-बीजेपी की सरकार है।
पंजाब और गोवा में बहुकोणीय मुकाबला है। इन दोनों राज्यों में अरविंद केजरीवाल की ‘आप’ कांग्रेस और भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है।
पंजाब में त्रिपक्षीय मुकाबले के बीच चुनाव आयोग का पूवार्नुमान है कि 2017 विधानसभा चुनाव में मतदान 85 प्रतिशत के आसपास रहेगा।
पंजाब के मुख्य निवार्चन अधिकारी वीके सिंह ने गुरुवार को कहा कि राज्य में 14,177 मतदान स्थलों पर 14 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 22,614 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जबकि लगभग 5500 संवेदनशील और 800 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। (AK)