सपा का काम नहीं, दंगे बोलते हैं: मायावती + वीडियो
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख सुश्री मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के साथ किसी भी प्रकार के गठबंधन की बातों का खंडन किया है।
मंगलवार को कानपुर की एक रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया के माध्यम से अफ़वाह फैला रही है कि भाजपा और बसपा राज्य में मिलकर सरकार बनाने जा रही है।
उनका कहना था कि उनकी पार्टी विपक्ष में बैठना पसंद करेगी किन्तु भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा का साथ लेंगे और न ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे। मायावती ने दावा किया कि पहले चरण में बसपा के पक्ष में बहुत अधिक मतदान हुए और बसपा पहले नंबर की पार्टी होगी।
सुश्री मायावती ने भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी की घोषणा न किए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री तक को निर्धारित नहीं कर सकी है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के चुनावी स्लोगन ‘काम बोलता है’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘सपा का काम नहीं, दंगे बोलते हैं।’ मायावती ने कहा कि सपा सरकार में 500 से अधिक दंगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दलितों के दर्द से मुझे दर्द होता है। मैं रोहित वेमूला कांड नहीं भुला सकती। (AK)